ट्विशा शर्मा केस में नया मोड़, लीगल एड से जुड़े वकीलों पर उठे गंभीर सवाल
ट्विशा शर्मा मौत मामले में पिता नवनिधि शर्मा ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से शिकायत कर जांच की मांग की।

जनोदय पंच। भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को शिकायत देकर लीगल एड से जुड़े कुछ वकीलों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं तथा उनके और आरोपियों के बीच कथित संबंधों की जांच की मांग की है।
जांच की मांग के साथ लगाए गंभीर आरोप
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की सीबीआई जांच जारी है। इसी बीच ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस विवेक रूसिया को शिकायत सौंपकर मामले में जांच की मांग की है। शिकायत में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल रीना वर्मा, सहायक अधिवक्ता श्रेयस सक्सेना तथा एक अन्य अधिकारी पर आरोप लगाया गया है कि वे आरोपी गिरिबाला सिंह के करीबी हैं और लगातार उनकी सहायता कर रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियुक्त लीगल एड से जुड़े कुछ वकील आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिकायत के अनुसार इनकी नियुक्ति उस समय हुई थी, जब गिरिबाला सिंह भोपाल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश थीं।
तस्वीरों का भी किया उल्लेख
नवनिधि शर्मा ने अपनी शिकायत के साथ दो तस्वीरें भी भेजी हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि इन तस्वीरों में लीगल एड डिफेंस काउंसिल योजना से जुड़े सहायक अधिवक्ता श्रेयस सक्सेना कथित तौर पर समर्थ सिंह की शादी में डांस करते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 15 मई को गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान श्रेयस सक्सेना आरोपी पक्ष के निजी वकील के साथ अदालत में मौजूद थे।
रीना वर्मा की भूमिका पर भी सवाल
शिकायत में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल रीना वर्मा का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि 2 जून को सीबीआई द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के दौरान उन्होंने वकालतनामा प्रस्तुत किया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब आरोपी पक्ष के पास पहले से निजी अधिवक्ता मौजूद थे, तब लीगल एड से जुड़े वकीलों की सक्रिय भूमिका की जांच की जानी चाहिए।



