शहडोल में झमाझम बारिश से बदला मौसम, किसानों को मिली राहत, खेती-किसानी की तैयारियां फिर पकड़ेंगी रफ्तार
लगभग एक घंटे की तेज बारिश के बाद मौसम हुआ सुहाना, खेतों में लौटी उम्मीद और किसानों के चेहरे खिले

शहडोल में लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से लोगों और किसानों को राहत मिली। लगभग एक घंटे तक हुई तेज बरसात से मौसम सुहाना हो गया। किसानों को खेतों में नमी मिलने से खेती-किसानी की तैयारियां दोबारा शुरू होने की उम्मीद जगी है।
शहडोल में लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे पर गुरुवार को मुस्कान लौट आई। आधा जून बीत जाने के बावजूद प्री-मानसून के दौरान अच्छी बारिश नहीं हुई थी। सुबह तेज धूप रहने के बाद दोपहर करीब 12 बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई।
बारिश से गर्मी से मिली राहत
अचानक हुई बारिश के कारण लोगों को काम पर निकलने में कुछ परेशानी जरूर हुई, लेकिन गर्मी से राहत मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। लगभग एक घंटे तक तेज बारिश होती रही। लोग रुककर बारिश का आनंद लेते नजर आए। अभी भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की हवाएं चल रही हैं, जिससे आगे भी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोगों ने साझा किया अनुभव
रहवासी पंकज गुप्ता ने बताया, “बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी है। अभी वह बच्चों को स्कूल से लेकर आए हैं। अचानक हुई बारिश में बच्चे भीग गए, लेकिन पहली बारिश में उन्हें काफी आनंद आया। गर्मी से लोगों का हाल बेहाल था, बारिश से अब लोगों को राहत मिलेगी।”
किसानों ने फिर शुरू की खेती की तैयारी
पचगांव निवासी लक्ष्मण साहू ने बताया, “आज अच्छी बारिश हुई है, हालांकि अभी लगातार बारिश की जरूरत है। तेज धूप की वजह से जमीन सूखी हुई थी, लेकिन इस बारिश से मिट्टी को कुछ नमी मिली है। लोग खेतों की सूखी जुताई कर चुके थे। अब बारिश के बाद खेतों की जुताई और चारे की निंदाई एक बार फिर से शुरू की जाएगी। धान की नर्सरी के लिए खेत तैयार किए जाएंगे। यदि मौसम ऐसा ही रहा और बारिश होती रही तो खेती-किसानी फिर से रफ्तार पकड़ लेगी।”



