एमपी ब्रेकिंगताज़ा खबरमध्यप्रदेश

नर्मदापुरम में सड़क खुदाई के दौरान मिले पुराने सिक्के, एएसआई करेगी ऐतिहासिक महत्व की जांच

केसला में सड़क निर्माण के दौरान मिले प्राचीन सिक्कों को लेकर चर्चा तेज, पुलिस जुटी जांच में

सत्याग्रह लाइव। नर्मदापुरम के केसला क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान पुराने सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। करीब 100 सिक्के मिलने का दावा किया जा रहा है, हालांकि पुलिस को केवल तीन सिक्के ही सौंपे गए हैं। अब इन सिक्कों को ऐतिहासिक और पुरातात्विक जांच के लिए एएसआई को भेजा जाएगा।

नर्मदापुरम जिले के केसला थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जमीन के भीतर किसी ठोस वस्तु से टकराने की आवाज सुनाई दी। जब मिट्टी हटाकर देखी गई तो वहां पुराने सिक्के दिखाई दिए। यह जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंचते ही मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई।

सिक्के मिलने के बाद मची अफरा-तफरी

मौके पर मौजूद कई लोगों ने मिट्टी से निकले सिक्कों को उठा लिया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि ये सिक्के 25 से अधिक लोगों के हाथ लगे हैं। स्थानीय स्तर पर पूरे दिन यह चर्चा रही कि खुदाई के दौरान लगभग 100 से 150 पुराने सिक्के निकले हैं, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय निवासी ने पुलिस को सौंपा सिक्का

स्थानीय निवासी विनोद तिवारी ने बताया, “मुझे भी एक पुराना सिक्का मिला था, जिसे मैंने पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंची है।” बताया जा रहा है कि मिट्टी में दबे मिले इन सिक्कों पर 1907 और 1940 की तारीख अंकित है। इनके संभावित एंटीक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए कई लोग सामने आने से बच रहे हैं।

एएसआई करेगी ऐतिहासिक और पुरातात्विक जांच

केसला थाना प्रभारी राहुल रैकवार ने बताया, “पुलिस के पास फिलहाल तीन सिक्के मौजूद हैं। इनका विवरण तैयार कर सोमवार को आधिकारिक पत्र के साथ एएसआई को भेजा जाएगा, ताकि विशेषज्ञ इनकी ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की जांच कर सकें। खुदाई में वास्तव में कितने सिक्के निकले हैं और उनका ऐतिहासिक महत्व क्या है, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।” फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कुल कितने सिक्के मिले और उन्हें कौन-कौन लोग अपने साथ ले गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!