PM मोदी ने दीर्घकालीन विकास की सोच, मध्य प्रदेश उसी विजन के साथ बढ़ रहा आगे; प्रति व्यक्ति आय 2047 तक 22.55 लाख रुपए तक ले जाने का लक्ष्य

एनडीटीवी के ‘मोदी@25’ कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री मोहन यादव, ‘सरकार सिर्फ अगले चुनाव तक नहीं, 2047 तक की सोच के साथ करे काम’
PM मोदी ने दीर्घकालीन विकास की सोच, मध्य प्रदेश उसी विजन के साथ बढ़ रहा आगे; प्रति व्यक्ति आय 2047 तक 22.55 लाख रुपए तक ले जाने का लक्ष्य
भोपाल, । एनडीटीवी के विशेष कार्यक्रम ‘मोदी@25: विकसित भारत, बढ़ता मध्य प्रदेश’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के विकास की दीर्घकालीन रणनीति और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर बात की। उन्होंने कहा कि सरकार का काम केवल एक चुनाव से दूसरे चुनाव तक की अवधि को ध्यान में रखकर नहीं होना चाहिए, बल्कि देश और प्रदेश के लिए लंबे समय के लक्ष्य तय कर उनके अनुरूप नीतियां बनाई जानी चाहिए। एनडीटीवी के कार्यक्रम का केंद्रीय विषय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मध्य प्रदेश में उसके क्रियान्वयन पर केंद्रित था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृतकाल और 2047 तक विकसित भारत का जो विजन रखा है, उसमें आज लिए जाने वाले निर्णयों और बनाई जाने वाली नीतियों में दूरगामी दृष्टि जरूरी है। बड़े लक्ष्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकारों को विकास की दिशा को लगातार आगे बढ़ाना चाहिए, भले ही सत्ता में सरकारें बदलती रहें।
मध्य प्रदेश की विकास यात्रा का उदाहरण देते हुए डॉ. यादव ने प्रति व्यक्ति आय का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2003 के आसपास प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय लगभग 9 हजार रुपए थी, जो बाद के वर्षों में बढ़ते हुए अब करीब 1.66 लाख रुपए तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक इसे लगभग 22.55 लाख रुपए तक ले जाने का विजन रखा गया है। उन्होंने विकास की इस प्रक्रिया को रिले रेस से जोड़ते हुए कहा कि एक सरकार जहां से विकास की जिम्मेदारी आगे बढ़ाती है, अगली सरकार को वहीं से उसे आगे ले जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड क्षेत्र की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को भी दीर्घकालीन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि परियोजना से बुंदेलखंड के करीब नौ जिलों को लाभ मिलने की उम्मीद है।


