बड़वाह। सेमरला में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप… एसडीओपी और थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर किया निरीक्षण….
कपिल वर्मा बड़वाह। बड़वाह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरला में शुक्रवार को एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय रेशम बाई पति सुनील भूरिया निवासी ग्राम सेमरला के रूप में हुई है। महिला का शव गांव में स्थित भूतेश्वर आश्रम के पीछे एक बबूल के पेड़ पर लटका हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने भूतेश्वर आश्रम के पीछे पेड़ पर महिला का शव लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 के चालक प्रहलाद चौहान एवं पुलिसकर्मी हरीश चंद्र यादव मौके पर पहुंचे।
घटना की स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एसडीओपी मुकेश इजरदार एवं थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए खरगोन से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल पर जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बड़वाह के शासकीय अस्पताल लाया गया। व शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया है।
एसडीओपी मुकेश इजरदार ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।




