रीवा में नीट-यूजी परीक्षा के दौरान एयरपोर्ट जैसी सुरक्षा, मेटल बटन और हाथ के कलावे तक हटवाए गए
13 परीक्षा केंद्रों पर 5399 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, कड़ी सुरक्षा और विशेष व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा संपन्न

सत्याग्रह लाइव। रीवा में रविवार को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहां 5399 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट जैसी सघन जांच की गई। पुलिस बल, जैमर, फ्लाइंग स्क्वायड और विशेष व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
रविवार को रीवा में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) आयोजित की गई। परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों को कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। परीक्षा केंद्रों के बाहर महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों को गहने और धातु से बनी सभी वस्तुएं केंद्र के बाहर छोड़ने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान कुछ पुलिस कॉन्स्टेबल हाथ में बंधे कलावे तक काटते नजर आए। प्लास और पेचकश की सहायता से कपड़ों पर लगे मेटल बटन और चेन भी हटाए गए। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से जांच होने पर ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
13 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा
रीवा जिले में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए टीआरएस कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय कन्या महाविद्यालय, शासकीय विधि महाविद्यालय, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2, मार्तण्ड उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1, मार्तण्ड विद्यालय क्रमांक 2, एसके स्कूल, पीके सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, गवर्मेंट हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 1 तथा गवर्मेंट हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 2 को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
कलेक्टर के निर्देश पर किए गए विशेष इंतजाम
कुल 5399 अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए सुबह 11:30 बजे से परीक्षा केंद्र खोल दिए गए थे। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक एएसआई स्तर के पुलिस अधिकारी और चार-चार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे, जिनमें 50 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं। प्रश्नपत्र बैंक में सुरक्षित रखे गए थे और परीक्षा शुरू होने से पहले विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए।
अभिभावकों और परीक्षार्थियों के लिए बनाई गई व्यवस्थाएं
कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों के बैठने के लिए पंडाल की व्यवस्था कराई। पेयजल, ग्लूकोज और ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए गए। सफाईकर्मियों की तैनाती की गई और बिजली आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी बनाई गई। परीक्षा के समन्वय के लिए रीवा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया।
तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला ने दी जानकारी
तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला ने बताया, **”रीवा जिले के 13 परीक्षा केंद्रों में 5399 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट्स के साथ अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिस बल तैनात किया गया था और परीक्षा हॉल में जैमर भी लगाए गए थे। परीक्षा बेहतर ढंग से हो सके, इसके लिए समय-समय पर विजिट के लिए फ्लाइंग स्क्वायड की टीम तैनात थी। उद्देश्य था कि परीक्षार्थी बिना घबराए परीक्षा दे सकें और सुरक्षित ढंग से परीक्षा संपन्न हो सके। किसी भी परीक्षा केंद्र में नकल का कोई भी प्रकरण सामने नहीं आया है। NTA की गाइडलाइन का पालन किया गया।”



