बड़वाह। रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई संपन्न…चिकित्सा सामग्री खरीदने का लिया निर्णय…

कपिल वर्मा बड़वाह। शासकीय चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रोगी कल्याण समिति की बैठक बुधवार को आयोजित की गई।
विधायक ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की बेहतर चिकित्सा सेवा एवं सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में अस्पताल के मरीजों की दंत चिकित्सा के लिए रोगी कल्याण समिति के कोष से चिकित्सा सामग्री क्रय करने का निर्णय लिया गया।अस्पताल में एमडी पैथोलॉजिस्ट की नियुक्ति हेतु उच्चस्तरीय प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने बताया कि अस्पताल को करोड़ों की लागत से 6 नई जांच मशीनें प्राप्त हुई हैं।
इन जांच मशीनों से अस्पताल में ही शुगर, थायराइड, बी-12, प्लेटलेट, लीवर फंक्शन टेस्ट, यूरिन, किडनी फंक्शन टेस्ट, सोडियम, पोटेशियम, लिपिड फाइल, हीमोग्लोबिन, टाइफाइड, डेंगू सहित सौ जांचें हो सकेगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं की सभी जांचें अस्पताल में ही हो सकेंगी। विधायक ने बताया कि बड़वाह एवं सनावद अस्पतालों में स्थापित दोनों ऑक्सीजन प्लांट की टेस्टिंग कर ली गई है और अस्पतालों में लगने वाले ऑक्सीजन सिलिंडर इन्हीं दो प्लांट से भरे जाएंगे। इससे अस्पतालों का ऑक्सीजन व्यय कम होगा।
इसके अलावा बैठक में अस्पताल संचालन, फायर सिस्टम,एंबुलेंस सर्विसिंग, प्लंबरिंग, सेनिटेशन, विद्युत उपकरण रिपेयरिंग, सोलर प्लांट, जनरेटर, इनवर्टर मेंटेनेंस, नल कनेक्शन,पानी की टंकियों की सफाई, एसी कूलर रिपेरिंग और नवीन कूलर की खरीदी, पोस्टमार्टम सामग्री की खरीदी,अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल, के संबंध में निर्णय लिए गए।
बैठक में अस्पताल में पर्याप्त जलापूर्ति हेतु नया बोरिंग करवाने एवं अस्पताल परिसर से अपशिष्ट जल निकासी व्यवस्था पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सेंट्रल पैथोलॉजी लेबोरेटरी में आवश्यकतानुसार नवीन प्लेटफॉर्म निर्माण, चिकित्सा सामग्री क्रय,10 नवीन फायर सिलिंडर खरीदी के संबंध में निर्णय लिए गए। बैठक में अस्पताल परिसर को अतिक्रमण मुक्त करने पर भी चर्चा की गई।
बीएमओ डॉ.राजेंद्र मिमरोट ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान नपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता, पार्षद गणेश पटेल, सुनील चौधरी, रोगी कल्याण समिति सदस्य ब्रजेंद्र जोशी, गुरुचरणसिंह भाटिया, बीटा भाटिया, अर्जुन केवट, रवि एरन, विक्रांत कोठारी, तहसीलदार सुंदरलाल ठाकुर, इंचार्ज डॉ.यशवंत इंगले आदि मौजूद थे।




