एम.टी.क्लॉथ मार्केट में पांच दिवसीय ‘इंदौर टेक्सटाईल ट्रेड फेयर 2026’ का भव्य शुभारंभ
श्रीमंत महाराजा तुकोजी राव क्लॉथ मार्केट

एम.टी.क्लॉथ मार्केट में पांच दिवसीय ‘इंदौर टेक्सटाईल ट्रेड फेयर 2026’ का भव्य शुभारंभ
इंदौर। देश की सबसे बड़ी थोक कपड़ा मंडी श्रीमंत महाराजा तुकोजी राव क्लॉथ मार्केट (एम.टी.क्लॉथ मार्केट) में 28 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले पांच दिवसीय ‘इंदौर टेक्सटाईल ट्रेड फेयर 2026 ’का भव्य एवं गरिमामयी शुभारंभ सोमवार को संपन्न हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलन कर ट्रेड फेयर का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने की, जबकि सियाराम सिल्क मिल्स लि. के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रमेश पोद्दार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र में 1500 थोक दुकानों वाले इस ऐतिहासिक बाजार में देश के 7 से अधिक राज्यों से आए व्यापारियों और खरीदारों का भारी जमावड़ा देखने को मिला।
मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा – “इंदौर का एम.टी.क्लॉथ मार्केट सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के स्वावलंबन और उद्यमिता का प्रतीक है। होलकर काल से चला आ रहा यह 1500 दुकानों वाला ऐतिहासिक बाजार आज भी देशभर में इंदौर का नाम रौशन कर रहा है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। यह टेक्सटाईल ट्रेड फेयर ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ को जमीन पर साकार कर रहा है।”
अध्यक्षता करते हुए विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने कहा – “इंदौर का एम.टी.क्लॉथ मार्केट देश के कपड़ा व्यापार की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। यह ऐतिहासिक बाजार वर्षों से अपनी साख के लिए जानी जाती है। ऐसे ट्रेडफेयर के आयोजन से हमारे स्थानीय व्यापारियों को बड़ा राष्ट्रीय मंच मिलता है, साथ ही शहर के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलती है। एसोसिएशन की पूरी टीम इस सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए साधुवाद की पात्र है।”
विशिष्ट अतिथि रमेश पोद्दार, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, सियाराम सिल्क मिल्स लि. ने कहा – “इंदौर के कपड़ा मार्केट की खासियत ये है कि यहाँ एक अपनापन सा लगता है। मैं यहाँ चार साल बाद आया हूँ, पर मुझे लगता है कि मैं अपने घर आया हूँ। यहाँ के कारोबारियों का समर्पण अद्वितीय है। मेरे लिए इस आयोजन से जुड़ना गौरव की बात रही है। उन्होंने व्यापारियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को भी इस व्यापार को बढ़ाने और नई ऊर्जा देने के लिए आना चाहिए।”
रजनीश चौरड़िया, अध्यक्ष, श्रीमंत महाराजा तुकोजीराव क्लॉथ मार्केट मर्चेन्ट्स एसोसिएशन ने कहा – “इंदौर की कपड़ा मंडी का इतिहास गौरवशाली रहा है। यह ट्रेड फेयर स्थानीय कारोबार को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है। पहले ही दिन जिस तरह देश भर के सात से अधिक राज्यों के व्यापारियों ने उत्साह दिखाया है, उससे स्पष्ट है कि यह आयोजन व्यापार के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।”
कैलाश मूंगड़, मंत्री, श्रीमंत महाराजा तुकोजीराव क्लॉथ मार्केट मर्चेन्ट्स एसोसिएशन ने बताया – “मेले के पहले दिन देशभर से आए हजारों व्यापारियों ने शिरकत की। आगंतुकों की सुविधा के लिए श्री क्लॉथ मार्केट विद्यापरिसर में पार्किंग और वहाँ से मार्केट तक निरंतर निःशुल्क ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था ने आवागमन को पूरी तरह सुगम बनाए रखा। बीसानीमा समाज धर्मशाला में आगंतुकों के लिए रियायती दरों पर सुरुचि पूर्ण भोजन की व्यवस्था भी सुचारु रूप से जारी रही ।”
संयोजक मनोज नीमा एवं राजेश नाहटा नेकहा – “पहले दिन की जोरदार खरीदारी के साथ ‘बम्पर अमृत उपहार योजना’ का पहला डेली ड्रॉ भी उत्साहपूर्वक खोला गया, जिसमें 51 क्रेता व्यापारियों को आकर्षक उपहार भेंट किए गए। इसके अलावा निर्धारित कूपनों (11, 21, 31, 51 व 121) पर व्यापारियों को हाथों-हाथ सुनिश्चित उपहार बांटे गए। आगामी 7 अक्टोबर 2026 को 251 उपहारों का मुख्य बम्पर ड्रॉ तथा दलालों के लिए 31 उपहारों का विशेष ड्रॉ निकाला जाएगा।”
फेयर के लिए एम.टी.क्लॉथ मार्केट परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, भव्य तोरण द्वारों और पोस्टरों-बैनरों से सजाया गया। बाजार के सभी 1500 थोक प्रतिष्ठानों, दलालों और एजेंटों में अभूतपूर्व उत्साह नजर आया और पहले ही दिन करोड़ों रुपये के व्यापारिक अनुबंध दर्ज किए गए। यह फेयर आगामी 2 अक्टूबर तक अनवरत जारी रहेगा।




