इंदौर में नीट पुनर्परीक्षा को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम, 57 केंद्रों पर 23 हजार अभ्यर्थियों के लिए विशेष तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को समय से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए

मध्य प्रदेश में नीट पुनर्परीक्षा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इंदौर में सर्वाधिक 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को बायोमैट्रिक, सीसीटीवी, जैमर, यातायात और परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नीट पुनर्परीक्षा को लेकर मध्य प्रदेश में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा के लिए इंदौर जिले में सर्वाधिक 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और तमाम सुविधाओं तथा संसाधनों की समीक्षा मुख्यमंत्री द्वारा लगातार की जा रही है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि इंदौर में नीट परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिए सख्त निर्देश
मंगलवार को नीट परीक्षा की तैयारियों को लेकर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री डॉ. यादव भी शामिल हुए। सीएम मोहन ने नीट परीक्षा के समन्वयक उच्च शिक्षा विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाई जाने वाली बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे और जैमर 19 जून को ही स्थापित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीट परीक्षा के दिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन भी होंगे, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई न हो।
परीक्षार्थियों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यातायात का बेहतर नियोजन किया जाए और सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी परीक्षार्थी को आवागमन के साधनों की समस्या आती है तो प्रशासन और पुलिस अधिकारी शासकीय वाहन या अपने वाहन से भी उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नीट परीक्षा के लिए बनाई गई एसओपी का उपयोग प्रदेश में होने वाली सभी परीक्षाओं में किया जाएगा।
नोडल अधिकारी, पुलिस तैनाती और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा
अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा एवं जनसंपर्क अनुपम राजन ने बताया कि परीक्षा आयोजन के लिए जिलास्तरीय समन्वय समिति का गठन कर बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। नियंत्रण कक्ष स्थापित कर जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। करीब चार परीक्षा केंद्रों पर एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित जिलों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र प्रदेश के पांच एयरपोर्ट के माध्यम से पहुंच चुके हैं और उन्हें एनटीए द्वारा निर्धारित दो अधिसूचित बैंकों में सुरक्षित रखा गया है। परीक्षा के दिन वाहनों की व्यवस्था जिला प्रशासन करेगा और इसकी जानकारी शाम तक एनटीए को उपलब्ध करा दी जाएगी।



