अपराधताज़ा खबर

किशोरी हत्याकांड का खुलासा, छह महीने की रंजिश के बाद घर में घुसा देवांश, दुष्कर्म के बाद हत्या

पुलिस पूछताछ में दोनों के बीच छह महीने से विवाद और किशोरी द्वारा बातचीत बंद करने की बात सामने आई।

सत्याग्रह लाइव। लखनऊ के पारा क्षेत्र में किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी देवांश पाठक को जेल भेज दिया है। जांच में दुष्कर्म से जुड़े साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 66 और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 बढ़ाई गई है।

लखनऊ। पारा क्षेत्र में किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में करीब छह महीने से चल रही रंजिश सामने आई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी देवांश पाठक ने बताया कि किशोरी से उसकी पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ समय से किशोरी ने देवांश से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी थी। इससे वह नाराज था।

घर में अकेली थी किशोरी

पुलिस के मुताबिक, पांच अगस्त को किशोरी के माता-पिता गांव गए थे। उसकी बड़ी बहन कॉलेज गई थी, जबकि मकान में रहने वाला किरायेदार भी परिवार के साथ गांव चला गया था। इस दौरान किशोरी घर में अकेली थी। पुलिस के अनुसार, इसी का फायदा उठाकर देवांश घर में घुसा। दोनों के बीच विवाद हुआ। जांच में किशोरी के साथ दुष्कर्म के साक्ष्य सामने आए हैं। इसके बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या की गई।

बहन ने खोला दरवाजा तो मिला शव

दोपहर में बड़ी बहन कॉलेज से घर लौटी तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसने किसी तरह दरवाजा खोला। कमरे में किशोरी का रक्तरंजित शव मिला। पास ही देवांश अचेत अवस्था में पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और देवांश को अभिरक्षा में लेकर अस्पताल भेजा।

जांच में बढ़ाई गई धाराएं

इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि हत्या की जांच के दौरान दुष्कर्म से जुड़े साक्ष्य सामने आने पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 66 और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 बढ़ाई गई है। घटना में इस्तेमाल चाकू और आरोपी के खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पोस्टमार्टम में स्लाइड भी बनाई गई है।

सीसीटीवी और मेडिकल रिपोर्ट भी जांच में शामिल

उपचार के बाद स्वस्थ होने पर पुलिस ने देवांश से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की और उसे जेल भेज दिया गया। घटना के बाद उसके अचेत होने की स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। सीसी कैमरों की फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट को भी विवेचना में शामिल किया जा रहा है। पुलिस दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह और घटना से पहले हुए संपर्क की भी जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!