अग्रसेन सोशल ग्रुप का तीन दिवसीय अखिल भारतीय अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन 19 से 21 दिसंबर तक
अब तक 12 राज्यों से 300 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त
अग्रसेन सोशल ग्रुप का तीन दिवसीय अखिल भारतीय अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन 19 से 21 दिसंबर तक
नवीन कार्यालय का महामंडलेश्वर चेतन स्वामी एवं समाजसेवी नकुल पाटोदी ने किया शुभारंभ,
अब तक 12 राज्यों से 300 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्तइंदौर। अग्रसेन सोशल ग्रुप के तत्वावधान में तीन दिवसीय अखिल भारतीय अग्रवाल युवक – युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन आगामी 19, 20 एवं 21 दिसंबर को शुभ कारज गार्डन में किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है। देशभर के अग्रवाल समाज के उच्च शिक्षित युवक-युवतियों को एक मंच पर लाकर उनके लिए योग्य जीवनसाथी चयन का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
इसी क्रम में परिचय सम्मेलन के हुकुमचंद मार्ग स्थित नवीन कार्यालय का शुभारंभ महामंडलेश्वर चेतन स्वामी जी एवं समाजसेवी नकुल पाटोदी के मुख्य आतिथ्य में विधिवत रूप से संपन्न हुआ। शुभारंभ अवसर पर संत-महात्माओं के आशीर्वचन एवं अतिथियों के मार्गदर्शन के साथ सम्मेलन की सफलता की कामना की गई।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर चेतन स्वामी जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों के विवाह के संबंध में समय रहते निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामान्यतः 25 वर्ष की उम्र के आसपास विवाह कर देना उचित रहता है। विवाह में अनावश्यक देरी से कई बार सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने मेडिकल साइंस के दृष्टिकोण से भी समय पर विवाह के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज के युवाओं और अभिभावकों से विवाह जैसे महत्वपूर्ण निर्णय में सकारात्मक सोच रखने तथा पारिवारिक संस्कारों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
ग्रुप समन्वयक राजेश गर्ग, परिचय सम्मेलन संयोजक विनोद गोयल, अध्यक्ष कमलेश मित्तल एवं महामंत्री राजकुमार बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन के लिए नवीन कार्यालय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। समाज के इच्छुक परिवार कार्यालय पहुंचकर सम्मेलन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा युवक-युवतियों का पंजीयन करवा सकते हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भी प्रविष्टियां दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन को लेकर देशभर से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 12 राज्यों से 300 से अधिक प्रविष्टियां ऑनलाइन प्राप्त हो चुकी हैं। खास बात यह है कि प्राप्त प्रविष्टियों में सभी प्रत्याशी उच्च शिक्षित हैं। इनमें 200 से अधिक युवक एवं 100 से अधिक युवतियों की प्रविष्टियां शामिल हैं। यह आंकड़ा सम्मेलन के प्रति समाज के युवाओं और अभिभावकों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का दायरा अधिक से अधिक समाजजनों तक पहुंचाने के लिए देशभर में व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। शीघ्र ही देश के 100 से अधिक केंद्रों पर सम्मेलन के पंजीयन फॉर्म उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि विभिन्न शहरों और राज्यों में रहने वाले अग्रवाल समाज के परिवार भी सहजता से इस आयोजन से जुड़ सकें।
अग्रसेन सोशल ग्रुप का प्रयास है कि विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक ऐसा सशक्त मंच मिले, जहां वे अपनी शैक्षणिक योग्यता, पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं व्यक्तिगत अभिरुचियों के अनुरूप योग्य जीवनसाथी का चयन कर सकें। तीन दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से समाजबंधुओं की सहभागिता अपेक्षित है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन की सभी तैयारियों को समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का स्वागत राजू बंसल, ज्योति अग्रवाल, मनीष मित्तल, निरंजन गुप्ता, शरद गोयल, हरीश अग्रवाल एवं गोपाल गर्ग ने किया। कार्यक्रम का संचालन शिव जिन्दल ने किया तथा आभार सतीश गोयल ने माना।
सम्मेलन की विशेषता: 12 राज्यों से अब तक 300 से अधिक ऑनलाइन प्रविष्टियां, देशभर में 100 से अधिक केंद्रों पर फॉर्म उपलब्ध कराने की तैयारी और उच्च शिक्षित युवक-युवतियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बना रही है।




