मोगरा में वन विभाग की मुस्तैदी से पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए टीम तैनात
ड्रोन से निगरानी के बाद वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, दो बड़े तेंदुए और तीन शावकों की मौजूदगी की सूचना पर क्षेत्र में बढ़ाई गश्त।


ड्रोन से निगरानी के बाद पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ
क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने रेस्क्यू की रणनीति तैयार की। 24 नवंबर को बड़े तालाब के पास तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया। इसके बाद 25 नवंबर को ड्रोन के माध्यम से सर्च ऑपरेशन चलाकर तेंदुए की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी गई। विभाग की सतत निगरानी के बीच 26 नवंबर को तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ रेस्क्यू की कार्रवाई की।
पांच अन्य तेंदुओं की मौजूदगी की सूचना से बढ़ाई निगरानी
एक तेंदुए के पकड़े जाने के बाद भी वन विभाग क्षेत्र को लेकर पूरी तरह सतर्क है। ग्रामीणों से नए तालाब के आसपास दो बड़े तेंदुए और तीन शावकों सहित पांच अन्य तेंदुओं की मौजूदगी की सूचना मिली है। इसके मद्देनजर मोगरा सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में वन विभाग द्वारा गश्त बढ़ाई गई है। मैदानी कर्मचारियों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी नई गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा तेंदुआ
वन विभाग के अनुसार पकड़े गए तेंदुए को सक्षम अधिकारियों की अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए पकड़ने के स्थान से लगभग 30 से 40 किलोमीटर दूर उपयुक्त घने वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों को पिंजरे के आसपास भीड़ नहीं लगाने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की समझाइश दी गई है।
वनमंडलाधिकारी धार श्री विजयानंथम टी.आर. के निर्देशानुसार क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीओ सरदारपुर श्रीमती सरिता ठाकुर, वन परिक्षेत्राधिकारी बाग गौरव सहित बाग परिक्षेत्र के समस्त मैदानी वन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग की टीम ने समन्वय और तत्परता के साथ तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने की कार्रवाई पूरी की।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
सामाजिक कार्यकर्ता सोनू चौहान ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार आवाजाही को देखते हुए उन्होंने बाग में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में कलेक्टर एवं कमिश्नर के समक्ष ग्रामीणों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था और वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की थी। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए पिंजरा लगाया। उन्होंने मोगरा, भीमपुरा, खेड़ली और बामनबयड़ी सहित आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। रात के समय अकेले घर से बाहर नहीं निकलने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की बात कही है।




