बड़वाह। विकास कार्यों से वंचित कॉलोनियों का बड़वाह कस्बा पंचायत में स्थानांतरण….स्थानांतरण के दस्तावेज मिलते ही हड़ताल समाप्त करेंगे रहवासी….

कपिल वर्मा बड़वाह। आधारभूत विकास के अभाव से जूझ रही कॉलोनियों के हड़तालरत रहवासियों के बीच सोमवार को विधायक सचिन बिरला, एसडीएम सत्यनारायण दर्रो और जनपद पंचायत के सीईओ मुकेश जैन पहुंचे।
विधायक और अधिकारियों ने विगत 8 दिनों से हड़तालरत रहवासियों से विकास कार्य शुरू करवाने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। विधायक ने रहवासियों को आश्वस्त किया कि अधोसंरचनागत विकास कार्यों से वर्षों से वंचित आवासीय कॉलोनियों को बड़वाह कस्बा पंचायत को आज मंगलवार को स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
रहवासियों ने विधायक के आश्वासन से सहमति व्यक्त की और कहा कि कॉलोनियों को कस्बा पंचायत में स्थानांतरण के दस्तावेज मिलते ही धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया जाएगा। विधायक ने कहा कि स्थानांतरण होते ही आवश्यक विकास कार्यों से वंचित कॉलोनियों में विकास कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलोनियों में अधोसंरचनागत विकास कार्य शुरू करने हेतु कॉलोनाईजरों को नोटिस जारी किए जाएं। ताकि किसी भी कॉलोनी के रहवासियों को आधारभूत विकास कार्यों की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
विधायक ने कहा कि प्रदेश की डॉ.मोहन यादव की सरकार शहरी और ग्रामीण आवासीय क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास हेतु हरसंभव प्रयास कर रही है। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता लादूराम साहू, नपा उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल, गणेश पटेल, मीडू भाटिया, अर्जुन केवट आदि उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि बड़वाह कस्बा पंचायत की रेवा नगर कॉलोनी,शर्मा कॉलोनी, राघोराम कॉलोनी,विवेकानंद कॉलोनी, पटेल कॉलोनी, सरस्वती कॉलोनी, नर्मदा नगर कॉलोनी,पटवारी कॉलोनी,गौरव नगर कॉलोनी,नर्मदा विहार कॉलोनी,श्रीनाथ कॉलोनी एवं गोपाल पार्क के रहवासी विगत 30 वर्षों से सड़क,पेयजल, अपशिष्ट जल निकासी, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और विद्युत से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन कॉलोनियों के रहवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए अनेक बार धरना, प्रदर्शन और आंदोलन कर चुके हैं।



