इंदौर के निहालपुरा में कलेक्शन एजेंट से 30 लाख की लूट, हेलमेट पहनकर आए बदमाश फरार
निहालपुरा क्षेत्र में दो बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट से बैग छीनकर लाखों रुपये लूटे, पुलिस जांच में जुटी।

इंदौर के निहालपुरा क्षेत्र में बर्तन व्यापारियों से कलेक्शन लेकर लौट रहे कलेक्शन एजेंट मुकेश अग्रवाल से दो बदमाशों ने 30 लाख रुपये लूट लिए। हेलमेट पहनकर आए आरोपी बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात
गुरुवार रात निहालपुरा क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट मुकेश अग्रवाल व्यापारियों से राशि एकत्र कर लौट रहे थे। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उनके वाहन को ओवरटेक किया और उन्हें धमकाया। इसके बाद एक आरोपी ने आगे रखा रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना के समय मुकेश ज्यादा विरोध नहीं कर सके। बदमाशों के भागने के बाद उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से निकल चुके थे।
रेकी की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले रेकी की होगी। उन्हें संभवतः यह जानकारी थी कि मुकेश अग्रवाल प्रतिदिन व्यापारियों से कलेक्शन लेने जाते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाशों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हेलमेट पहनकर पहुंचे, वाहन नंबर से तलाश जारी
जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी हेलमेट पहनकर आए थे। बैग छीनने के बाद वे सामान्य तरीके से सड़क से गुजरते हुए फरार हो गए। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी पहले से मुकेश अग्रवाल को जानते तो नहीं थे। बदमाशों के वाहन के नंबर के आधार पर भी उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।



