बड़वाह। ग्राम काटकूट में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस….निकली रैली…

कपिल वर्मा बड़वाह। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्राम काटकूट में रविवार को ब्लॉक स्तरीय आदिवासी दिवस कार्यक्रम बड़े उत्साह, उमंग और एकजुटता के साथ मनाया गया।
इस दौरान ग्राम काटकूट एवं आसपास के आदिवासी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामाजिक साथी ढोल-मांदल की थाप और आदिवासी गीत-संगीत के साथ नाचते-गाते सरकारी अस्पताल से बाजार चौक होते हुए मंडी प्रांगण तक पहुंचे। पूरे रास्ते आदिवासी संस्कृति और परंपरा की शानदार झलक देखने को मिली।
मंडी प्रांगण में आयोजित सभा में बाहर से आए वक्ताओं ने आदिवासी परिवारों के अधिकार, सुरक्षा, जल-जंगल-जमीन, संविधानिक अधिकार और समाज की एकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में बड़वानी से आईं माधुरी बेन, खंडवा से रतन दादा अलावा एवं प्रमोद नामदेव सहित अन्य वक्ताओं ने समाज को संबोधित किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति एवं सामाजिक साथियों में काटकूट सरपंच राकेश बर्ड, लिंबी सरपंच कैलाश बघेल, ललित रावत, राधे परिहार, मनोज भूरिया, राकेश अजनारे, राकेश मुझलादे, राहुल, शिवम, डावर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



