मध्य प्रदेश विधानसभा में हंगामे के बीच यूसीसी विधेयक पारित, कांग्रेस के विरोध के बावजूद सदन से यूसीसी बिल पास हुआ

मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी विधेयक को लेकर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस के विरोध और नारेबाजी के बीच विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यवाही जारी रखते हुए विधेयक को पारित घोषित कर दिया।
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सरकार ने यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी यूसीसी विधेयक सदन में पेश किया। विधेयक पेश होने के साथ ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने यूसीसी विधेयक को प्रवर समिति यानी सेलेक्ट कमेटी के पास भेजने की मांग रखी। हालांकि सरकार ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में विरोध दर्ज कराया और वेल में पहुंचकर यूसीसी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। दूसरी ओर भाजपा विधायक और मंत्री विधेयक पर चर्चा कराने की मांग करते रहे।
हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही पहले 10 मिनट और उसके बाद 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर यूसीसी पर चर्चा हुई। इस दौरान कांग्रेस विधायक बाला बच्चन ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक आतिफ अकील और आरिफ मसूद ने विधेयक को प्रवर समिति के पास भेजने, संविधान के अनुच्छेद-29 के तहत अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा इसे राजनीतिक एजेंडा बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस के विरोध के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यवाही जारी रखी और यूसीसी विधेयक को सदन से पारित घोषित कर दिया।



