खजराना गणेश को आज सवा लाख मोदक प्रसाद का भोग समर्पित होगा

खजराना गणेश को आज सवा लाख मोदक प्रसाद का भोग समर्पित होगा
मंदिर प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष एवं प्रशासक करेंगे भक्तों में मोदक वितरण का शुभारंभ – 12 दिनों तक अलग-अलग किस्म के लड्डुओं का भोग भी लगेगा
इंदौर। खजराना स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर पर भक्त मंडल की ओर से गणेश चतुर्थी पर सोमवार 14 सितम्बर को सुबह 10 बजे सवा लाख मोदक प्रसाद का भोग खजराना गणेश को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतिदिन खजराना गणेश को विभिन्न किस्म के अनाज के लड्डुओं का भोग भी समर्पित होगा।
श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी, कैलाश पंच एवं पार्षद पुष्पेन्द्र पाटीदार ने बताया कि मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर शिवम वर्मा तथा मंदिर प्रशासक एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ध्वजा पूजन एवं गणेशजी को स्वर्ण आभूषण समर्पित करने के पश्चात भक्त मंडल द्वारा निर्मित सवा लाख मोदक का भोग लगाकर भक्तों में वितरण का शुभारंभ भी करेंगे। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट, पं. सुमित भट्ट एवं जयदेव भट्ट द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच मोदक का भोग समर्पित किया जाएगा। क्षेत्र के विधायक महेंद्र हार्डिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रसाद वितरण के लिए मंदिर के प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा एवं घनश्याम शुक्ला के मार्गदर्शन में भक्त मंडल से जुड़े सुभाष नायक, दिलीप सर, गोकुल पाटीदार, वासुदेव पाटीदार सहित 21 कार्यकर्ता जिम्मेदारी संभालेंगे।
बागड़ी ने बताया कि भक्त मंडल की ओर से सवा लाख मोदक का निर्माण पिछले पांच दिनों से लगातार प्रसिद्ध रसोईए खेमजी महाराज और 20 सहयोगी 8 सुपर भट्टियों पर कर रहे थे। खजराना गणेश को पहले दिन सवा लाख मोदक प्रसाद के अलावा प्रतिदिन संध्या को अलग-अलग किस्म के लड्डुओं का भोग भी समर्पित किया जाएगा। इनमें अजवाईन, मूंग, चवले, उड़द, गोंद, बेसन, मोतीचूर, बड़ी बूंदी और फरियाली ड्रायफ्रूट्स के लड्डूओं का भोग भी शामिल है। भक्त मंडल द्वारा मोदक प्रसाद वितरण के लिए 50 बड़ी परातों एवं 100 ट्रे की व्यवस्था की गई है। भक्त मंडल से जुड़े 21 कार्यकर्ता प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभालेंगे।




