इंदौर में पारंपरिक अंदाज में मना ओणम, केले के पत्तों पर परोसी गई केरल सध्या
केरल के प्रमुख पर्व ओणम का उत्साह बुधवार को इंदौर में भी देखने को मिला

इंदौर में पारंपरिक अंदाज में मना ओणम, केले के पत्तों पर परोसी गई केरल सध्या
30 से अधिक पारंपरिक व्यंजनों से सजी केरल सध्या, पांचों इंडियन कॉफी हाउस में दिखी केरल की संस्कृति
इंदौर। केरल के प्रमुख पर्व ओणम का उत्साह बुधवार को इंदौर में भी देखने को मिला। शहर के सभी पांच इंडियन कॉफी हाउस में पारंपरिक ‘केरल सध्या’ का आयोजन किया गया। दोपहर के भोजन में केले के पत्तों पर 30 से अधिक प्रकार के पारंपरिक शाकाहारी व्यंजन परोसे गए। केरल से जुड़े कर्मचारियों ने मिलकर इस आयोजन को पारंपरिक स्वरूप दिया।
केरल सध्या में चावल, घी के साथ परिप्पु, सांभर, रसम, कूटू करी, अवियल, ओलन, एरिशेरी, थोरन, कालन, किचड़ी और पचड़ी सहित अनेक व्यंजन परोसे गए। इसके साथ इंजी करी, अचार, केले के चिप्स, शर्करा वरट्टी, पापड़ और केला भी भोजन का हिस्सा रहे। अंत में पारंपरिक पायसम परोसा गया। व्यंजनों में केरल का असली स्वाद बनाए रखने के लिए विशेष मसाले भी केरल से मंगवाए गए थे।
केले के पत्ते पर सजा केरल का स्वाद
आयोजन के दौरान केरलीय परंपरा के अनुसार भजन और सांस्कृतिक माहौल के बीच केले के पत्तों पर आत्मीयता के साथ भोजन परोसा गया। मीठे, खट्टे, नमकीन, तीखे, कड़वे और कसैले स्वादों का संतुलन सध्या की खासियत रहा। शहर के पांचों इंडियन कॉफी हाउस में तैयार किए गए केरल के पारंपरिक व्यंजनों को लोगों ने खूब पसंद किया।विशेष सध्या संभागायुक्त कार्यालय परिसर, रीगल स्थित एसपी कार्यालय परिसर, मरीमाता चौराहे के आगे, होलकर साइंस कॉलेज परिसर तथा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के खंडवा रोड कैंपस स्थित इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित की गई। कार्यक्रम में केरल से जुड़े कर्मचारियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कर्मचारियों का सम्मान भी किया
संभागायुक्त कार्यालय परिसर स्थित इंडियन कॉफी हाउस में ओणम के अवसर पर कर्मचारियों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। सचेतक ग्रुप की ओर से अध्यक्ष सुभाष खंडेलवाल सहित किशनलाल सोमानी, नवनीत शुक्ला, सत्येंद्र वर्मा, अर्जुन राठौड़, निमगांवकर, कमलेश्वर सिंह सिसोदिया, चंद्रशेखर बिरथरे, पंकज बिरमाल, अनिल जैन, अनिल जाजोदिया, राजेंद्र दुबे, भगवानसिंह चौहान, शिव गुप्ता, मोहन वर्मा और विमल रोकड़ सहित अन्य मौजूद रहे।
इंडियन कॉफी हाउस की कार्यसंस्कृति में कर्मचारियों को संस्था के भागीदार के रूप में महत्व दिया जाता है। इसी परंपरा के तहत मूल रूप से केरल से जुड़े कर्मचारी हर वर्ष मिलकर ओणम का आयोजन करते हैं। इस बार भी आयोजन में केरल की संस्कृति, परंपरा, भक्ति और खान-पान की झलक देखने को मिली।




