MP NEWS कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखी तकरार, दिग्विजय सिंह और हरीश चौधरी आमने-सामने
राज्यसभा चुनाव से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिग्विजय सिंह और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के बीच हुई नोकझोंक चर्चा का विषय बनी।

राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के बीच हुई नोकझोंक चर्चा में आ गई। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नामांकन रद्द होने के बाद बढ़ी सियासी हलचल
भोपाल। राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई। इस घटनाक्रम के बीच आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई तकरार चर्चा का विषय बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के बीच मंच पर हुई बातचीत सुर्खियों में है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ विवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीनाक्षी नटराजन अपनी बात रख चुकी थीं। इसके बाद मंच पर मौजूद दिग्विजय सिंह ने कानूनी पक्ष रखने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता धनोपिया को बोलने का अवसर देने का संकेत किया। बताया गया कि उनकी इस बात पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने हरीश चौधरी से दोबारा धनोपिया को माइक देने की बात कही। इस दौरान हरीश चौधरी ने कहा, “अब रहने दीजिए, हमें अपने हिसाब से करने दीजिए।” इस पर मंच का माहौल बदल गया और दिग्विजय सिंह शांत हो गए।
बाद में भी नहीं किया संबोधन
घटनाक्रम के बाद दिग्विजय सिंह ने हाथ जोड़ लिए और खामोश बैठे रहे। बाद में जीतू पटवारी, मीनाक्षी नटराजन और हरीश चौधरी ने उनसे मीडिया को संबोधित करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने बोलने से इंकार कर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई यह नोकझोंक अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

