राज्यसभा विवाद के बीच मीनाक्षी नटराजन को पंजाब की कमान, कांग्रेस ने सौंपी नई जिम्मेदारी
पंजाब में गुटबाजी और संगठनात्मक चुनौतियों के बीच कांग्रेस हाईकमान ने मीनाक्षी नटराजन को पर्यवेक्षक नियुक्त किया।

जनोदय पंच। मध्यप्रदेश में राज्यसभा नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन को पंजाब का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पंजाब में संगठनात्मक स्थिति और गुटबाजी का आकलन कर वे पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट देंगी। इसी बीच नामांकन विवाद को लेकर कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली में भी सक्रिय है।
पंजाब में संगठनात्मक स्थिति का आकलन करेंगी मीनाक्षी
मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाई गई कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद तीनों सीटों पर भाजपा का कब्जा हो गया था। इसे कांग्रेस और मीनाक्षी नटराजन के लिए बड़ा झटका माना गया। अब कांग्रेस ने उन्हें पंजाब का पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त किया है। पंजाब में चल रही गुटबाजी और संगठनात्मक चुनौतियों के बीच वे पार्टी हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। उनके साथ स्थिति का आकलन करने के लिए अजय माकन और भजनलाल जाटव को भी नियुक्त किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश में तीनों की नियुक्ति की जानकारी दी गई है।
चुनाव से पहले कांग्रेस की तैयारी
पंजाब में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है। हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनावों से पहले भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष सहित संगठन में कुछ बदलाव किए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। निकाय चुनावों में भाजपा की सीटों में वृद्धि दर्ज की गई। इसी पृष्ठभूमि में कांग्रेस भी गुटबाजी समाप्त कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है और इसी उद्देश्य से पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
दिल्ली प्रदर्शन और सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस शुक्रवार को दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। पार्टी के सभी विधायक दिल्ली पहुंच चुके हैं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराने की योजना है। जीतू पटवारी ने कहा है कि अब उन्हें राष्ट्रपति से अंतिम न्याय की उम्मीद है। वहीं, कांग्रेस ने मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई हो रही है। कांग्रेस का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन अवैध तरीके से रद्द किया गया, जबकि उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं थी और केवल समन जारी हुआ था।



