MP NEWS जबलपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो 500 मीटर तक घिसटी, जिंदा जलकर दो युवकों की मौत
हरियाणा लौट रहे दो युवक हादसे के बाद वाहन में फंस गए, डंपर चालक मौके से फरार।

जबलपुर के बरेला क्षेत्र में हाईवा डंपर और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई। वाहन में सवार हरियाणा के दो युवक बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरेला के पास हुआ दर्दनाक हादसा
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के दो युवकों की मौत हो गई। हादसा जबलपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर बरेला थाना क्षेत्र के शारदा मंदिर के पास हुआ। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार मंडला की ओर जा रही स्कॉर्पियो एक ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा डंपर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद भी डंपर चालक ने वाहन नहीं रोका और स्कॉर्पियो लगभग 500 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। बाद में वह आगे खड़े एक अन्य वाहन से टकरा गई, जिससे आग और भड़क गई।
वाहन में फंसे रहे दोनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के कुछ ही देर बाद पूरी स्कॉर्पियो आग की चपेट में आ गई। वाहन दो भारी वाहनों के बीच फंस गया था। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे दोनों लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान हरियाणा के भिवानी जिले के बौंद कलां निवासी परवीन शर्मा और खेड़ी बूरा निवासी मोनू शर्मा के रूप में हुई है। दोनों ड्राइवर के रूप में कार्य करते थे और काम से रायपुर गए थे। वहां से वापस हरियाणा लौट रहे थे। जिस स्कॉर्पियो में वे सवार थे, वह रोहतक निवासी गौरव कुमार की बताई गई है, जो मोटर कार के कारोबार से जुड़े हैं। वाहन रोहतक के आर्य नगर क्षेत्र में पंजीकृत है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद जबलपुर-मंडला मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहन मालिक को सूचना दे दी है, जबकि मृतकों के परिजन हरियाणा से जबलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।



