ताज़ा खबरमध्यप्रदेश

उज्जैन में स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने पलटी सपना ट्रेवल्स की बस, छह यात्री घायल, चालक-क्लीनर हादसे के बाद फरार

रात डेढ़ बजे इंदौर रोड पर हुए हादसे में छह घायल यात्रियों को चरक अस्पताल भेजा गया, पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

उज्जैन के इंदौर रोड स्थित स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने शनिवार-रविवार देर रात सपना ट्रेवल्स की बस पलटने से छह यात्री घायल हो गए। पुलिस और एम्बुलेंस ने घायलों को चरक अस्पताल पहुंचाया। चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

देर रात हुआ हादसा, छह यात्री घायल

उज्जैन में शनिवार-रविवार रात करीब 1.30 बजे स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने सपना ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 13 झेड डी 0199 डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। बस में 15 से 20 यात्री सवार थे। इनमें छह यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित बताए गए। घायलों को तत्काल चरक अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया

नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस रात में सर्कल भ्रमण पर थी। इसी दौरान इंदौर रोड स्थित स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने बस पलटने की सूचना मिली। सर्कल भ्रमण की टीम मौके पर पहुंची, जहां 3 से 4 एम्बुलेंस भी पहुंच गई थीं। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों में वर्षा पति गोविंद अग्रवाल (54) निवासी ग्वालियर, सुधीर पिता गोविंद अग्रवाल (25) निवासी ग्वालियर, खुशी पिता नीरज तिवारी (15) निवासी विजयनगर इंदौर, वंश पिता मोहन खत्री (10), वंदना पति मोहन खत्री (32) निवासी सांईधाम कॉलोनी उज्जैन तथा हरविंदर पिता अर्जुनसिंह (32) निवासी ग्राम जवीनखेड़ी शामिल हैं। सभी को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

मोबाइल पर बात करने का आरोप, चालक पर मामला दर्ज

घायलों से मिली जानकारी के अनुसार चालक मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा था। वहीं क्लीनर उससे हंसी-मजाक कर रहा था। बस की रफ्तार तेज थी और उस समय बारिश भी हो रही थी। थाना प्रभारी के अनुसार घायल वंदना के पति मोहन खत्री की शिकायत पर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 125-ए के तहत लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

हादसे के बाद चालक और क्लीनर फरार

थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने तक बस का चालक और क्लीनर फरार हो चुके थे। रात में क्रेन की सहायता से पलटी बस को सीधा कर जब्त किया गया और थाने लाया गया। बस नंबर और ट्रेवल्स एजेंसी के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है। इंदौर-उज्जैन मार्ग पर यात्री बसों के चालक अक्सर नंबर के चक्कर में तेज गति से वाहन चलाते हैं और उज्जैन बस स्टैंड जल्दी पहुंचने की कोशिश करते हैं। इस कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती रहती हैं। यातायात पुलिस का इंटरसेप्टर वाहन इस मार्ग पर बसों की रफ्तार की निगरानी करे तो तेज गति के मामले सामने आ सकते हैं।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!