MP NEWS बस यात्रियों को लग सकता है महंगाई का झटका, किराया 60 प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग
डीजल, टायर और अन्य खर्च बढ़ने का हवाला देकर बस संचालकों ने किराया संशोधन की मांग उठाई।

सत्याग्रह लाइव। प्रदेश में बस यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द अधिक किराया चुकाना पड़ सकता है। बस संचालकों ने बढ़ती संचालन लागत और डीजल कीमतों में वृद्धि का हवाला देते हुए वर्तमान किराए में लगभग 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की मांग की है। इस प्रस्ताव पर जल्द चर्चा होने वाली है।
बढ़ते खर्च के बीच किराया वृद्धि की मांग
इंदौर सहित प्रदेशभर में बस संचालकों ने यात्री किराए में बढ़ोतरी की मांग की है। वर्तमान में साधारण बसों में 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर किराया लिया जाता है, जिसे बढ़ाकर दो रुपये प्रति किलोमीटर करने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक राशि खर्च करनी पड़ सकती है।
संचालन लागत बढ़ने का हवाला
बस संचालकों का कहना है कि वर्ष 2021 के बाद किराए में कोई संशोधन नहीं हुआ है। इस दौरान डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स और बीमा की लागत लगातार बढ़ी है। पिछले एक महीने में ही डीजल के दाम करीब 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ने से संचालन खर्च में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कई मार्गों पर बस संचालन घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
समिति बैठक में होगी चर्चा
प्राइम रूट बस आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने बताया कि किराया निर्धारण समिति की बैठक अगले सप्ताह आयोजित होगी। बैठक में परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव, अन्य अधिकारी तथा बस ऑपरेटरों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रदेश में प्रतिदिन करीब 32 हजार बसों का संचालन होता है, जिनसे लगभग 16 लाख यात्री सफर करते हैं। वहीं इंदौर से रोजाना करीब 1200 बसें संचालित होती हैं, जिनमें लगभग 50 हजार यात्री यात्रा करते हैं।



