इंदौर में ट्रेन के फर्स्ट एसी में चोरी करने वाला हाईफाई चोर गिरफ्तार, वारदात के बाद फ्लाइट से लौटता था
इंदौर जीआरपी ने कई राज्यों में दबिश देकर शातिर आरोपी को नीमच रेलवे स्टेशन से पकड़ा, 15 लाख रुपये के गहने बरामद हुए।

सत्याग्रह लाइव। इंदौर जीआरपी ने ट्रेन के फर्स्ट एसी में सफर कर महंगा सामान चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद हवाई यात्रा कर घर लौटता था। उसके पास से 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बरामद हुए हैं और कई राज्यों में उसके खिलाफ 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
इंदौर के सुदामा नगर निवासी एक महिला ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 16 मार्च 2026 को अहमदाबाद से ट्रेन के माध्यम से इंदौर आ रही थी। यात्रा के दौरान वह अपना पर्स बगल में रखकर सो गई, लेकिन इंदौर पहुंचने पर उसका पर्स गायब मिला। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान जीआरपी ने इंदौर से अहमदाबाद तक करीब 500 सीसीटीवी फुटेज की जांच की। आरोपी जितेंद्र चावला की तलाश में फरीदाबाद, बरेली, मुरादाबाद, बदायूं, आगरा, बनारस, कासगंज, नैनीताल, चित्तौड़गढ़, हैदराबाद, तेलंगाना, अहमदाबाद और दिल्ली समेत कई स्थानों पर दबिश दी गई। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, लेकिन आखिरकार उसे नीमच रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में 15 लाख रुपये के गहने बरामद
पुलिस की सख्ती से पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए। जीआरपी के अनुसार आरोपी देश के कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है और उसके खिलाफ इंदौर समेत विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
वारदात के बाद फ्लाइट से जाता था, सोशल मीडिया पर भी सक्रिय
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि चोरी की वारदात के बाद वह घटनास्थल के निकट स्थित एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर नैनीताल तक जाता था। एडिशनल डीसीपी हेमंत चौहान ने बताया, “शातिर चोर के काफी महंगे शौक हैं। वह हर सामान ब्रांडेड ही खरीदता है। होटल, क्लब और पार्टियों में हाईफाई सोसायटी की महिलाओं से दोस्ती करता था। सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करता था और उसी माध्यम से महिलाओं से संपर्क भी स्थापित करता था। आरोपी से कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।”



