एमपी ब्रेकिंगअपराधताज़ा खबर

इंदौर में कॉलोनी में घुसने से रोका तो चौकीदार पर चढ़ाई कार, युवक और महिला मित्र गिरफ्तार

लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात विवाद के बाद हुई वारदात, अस्पताल ले जाते समय धर्मेंद्र मालवीय की मौत

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में कॉलोनी में प्रवेश करने से रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। बुधवार देर रात राजा उर्फ कमल अपनी महिला मित्र के साथ कार से कॉलोनी में जाने का प्रयास कर रहा था। गेट पर तैनात चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय (34) ने उन्हें रोककर कॉलोनी में प्रवेश करने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और राजा ने चौकीदार के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पत्नी और भांजा मौके पर पहुंचे

विवाद की जानकारी होने पर धर्मेंद्र मालवीय की पत्नी ज्योति और भांजा गोलू भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद राजा उर्फ कमल अपनी महिला मित्र के साथ कार में बैठकर वहां से चला गया।

वापस लौटकर कार से मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी जाने के बाद राजा उर्फ कमल और उसकी महिला मित्र वापस लौटे। इसके बाद कार से चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय को टक्कर मार दी गई। टक्कर में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना में मृतक की पत्नी ज्योति भी घायल हुई है।

पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजा उर्फ कमल और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि कॉलोनी में प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और आरोपी ने चौकीदार पर कार चढ़ा दी।

पूछताछ कर रही पुलिस

घटना के बाद से पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम को लेकर जानकारी जुटा रही है। मामले में एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने भी घटना को लेकर जानकारी दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!