
इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर स्कूली बस को यात्री बस ने पीछे से मारी टक्कर
छात्रा सहित 19 लोग घायल, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी; कलेक्टर-एसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से ली जानकारी
आशीष यादव धार।
इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर गुरुवार सुबह ग्राम पीपलखेड़ा के समीप तेज रफ्तार निजी यात्री बस ने स्कूली बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूल की एक छात्रा सहित दोनों बसों में सवार कुल 19 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूली बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बसों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब 9 बजे नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखेड़ा फोरलेन पर हुआ। गौतम स्कूल की बस क्रमांक एमपी-11 पी-0311 विद्यार्थियों को लेने के लिए घाटाबिल्लोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी यात्री बस एमपी-11 जेडएफ-3137 ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान पर्याप्त जगह नहीं मिलने से यात्री बस स्कूली बस के पीछे जा भिड़ी।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
टक्कर के बाद दोनों बसों में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंचे और घायलों को बसों से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस, डायल-112 और अन्य पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे। निजी वाहनों की मदद से भी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की टीम ने तत्काल सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया।
19 घायलों में 15 महिलाएं, एक छात्रा और तीन पुरुष
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन मुकुंद बर्मन के अनुसार हादसे के बाद 19 घायल अस्पताल लाए गए। इनमें 15 महिलाएं, एक स्कूल की छात्रा और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया गया। सात घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया। घायलों में पार्वती (35), पायल (25), वीना (65), महिमा (14), ललिता (45), पार्वती (38), प्रिया (45), सोनू (29), बद्रीलाल (35), अंजलि (20), पलक (28), कुसुम (40), अनिल (27), विजय (46), शिखा (34), गगनबाई (40), सुभाष (78), जितेंद्र (38) और आशा (28) शामिल हैं।
कलेक्टर-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और हादसे के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने मरीजों से यह भी पूछा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
ओवरटेक के दौरान हादसा, जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यात्री बस तेज गति से चल रही थी और स्कूल बस को ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल बस और एक ट्रक आगे चल रहे थे, इसी दौरान पीछे से आई यात्री बस ने स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। पर्याप्त जगह नहीं मिलने पर यात्री बस स्कूल बस से जा टकराई। कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने कहा कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



