भोपाल में बड़ा फैसला: अब स्कूली पाठ्यक्रम में पढ़ाई जाएगी महाराणा प्रताप की जीवनी, जल्द होगा महाराणा प्रताप लोक का लोकार्पण
महाराणा प्रताप जयंती पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिक्षा, विरासत संरक्षण और सार्वजनिक अवकाश से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की

भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि वीर महाराणा प्रताप की जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने महाराणा प्रताप लोक के जल्द लोकार्पण की भी जानकारी दी और राज्य सरकार द्वारा उनकी विरासत के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
मध्य प्रदेश सरकार ने क्षत्रियकुल शिरोमणि वीर महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि वीर महाराणा प्रताप की जीवनी अब स्कूली बच्चों को पढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की जानकारी दी जाएगी, ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके।
भोपाल में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम
17 जून को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर राजधानी भोपाल के महाराणा प्रताप नगर (एमपी नगर) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं, बल्कि साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और अपने आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं किया।
सार्वजनिक अवकाश घोषित करने वाला पहला राज्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने महाराणा प्रताप जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों की विरासत को दुनिया के सामने लाने की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया जा रहा है।
महाराणा प्रताप लोक का जल्द होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गठित महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के माध्यम से क्षत्रिय (राजपूत) समाज के उत्थान और उनकी विरासत के संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, भोपाल में निर्माणाधीन ‘वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप लोक’ का जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा।



