
रमन बोरखड़े। सत्याग्रह लाइव। बड़वानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं। इनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशीलता के साथ सुनीं आवेदकों की समस्याएं
आम नागरिकों की समस्याओं का सीधे संवाद के माध्यम से त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायसंगत निराकरण करने की प्रतिबद्धता के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने उपस्थित होकर आवेदकों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं।
छह शिकायतों पर जांच और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान जमीनी विवाद, लड़ाई-झगड़े और धोखाधड़ी से संबंधित कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

महिलाओं और बुजुर्गों की शिकायतों पर विशेष ध्यान
प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की गुणवत्तापूर्ण जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। महिलाओं, बुजुर्गों एवं कमजोर वर्ग से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आवेदकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, शिकायत शाखा से निरीक्षक सुनीता मंडलोई, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता मुजाल्दा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




