अपराधताज़ा खबरदेश

बारामती में पति को जिंदा दफन करने की कथित साजिश, घर में बनवाया जा रहा था सीमेंट का चेंबर

पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी पर पति को नशीली दवा देकर बेहोश करने और क्रिकेट बैट से हमला करने का आरोप

जनोदय पंच। महाराष्ट्र के बारामती में पत्नी पर पति को कथित तौर पर जिंदा दफन करने की कोशिश का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, घर में सीमेंट का चेंबर बनवाया जा रहा था। मजदूरों के शक और सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।

महाराष्ट्र के बारामती शहर के जामदार रोड स्थित इंद्रप्रस्थ सोसायटी के एक फ्लैट में यह मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत 41 वर्षीय प्रवीण प्रकाश जगताप पर उनकी पत्नी शर्मिला जगताप ने कथित तौर पर हमला किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के बाद शर्मिला ने कथित तौर पर पति को नशीली दवा देकर बेहोश किया और क्रिकेट बैट से हमला कर घायल किया।

ईंट-सीमेंट से बनाया जा रहा था अधबना चेंबर

पुलिस के मुताबिक, प्रवीण को ठिकाने लगाने के कथित इरादे से घर के हॉल से लगी गैलरी में एक चौकोर चेंबर बनवाया जा रहा था। इसे ईंट और सीमेंट से तैयार कराया जा रहा था। आरोप है कि प्रवीण को इसी अधबने चेंबर में डालने के बाद उसके ऊपर कडप्पा पत्थर की स्लैब लगाकर बंद करने की तैयारी थी।

मजदूरों को गतिविधियां लगीं संदिग्ध

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब चेंबर बनाने वाले मजदूरों को घर में चल रही गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्हें घर के अंदर इस तरह बंद चेंबर बनाए जाने पर शक हुआ। इसके बाद मजदूरों ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

पुलिस ने प्रवीण प्रकाश जगताप को सुरक्षित बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी पत्नी शर्मिला प्रवीण जगताप को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब घटना के पीछे केवल पारिवारिक विवाद था या कोई अन्य वजह, इसकी जांच कर रही है। बारामती के डीवाईएसपी चौतन्य वसंतराव कदम ने बताया कि मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!