संविधान की शपथ, प्रतिभाओं का सम्मान और विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल की सौगात – सांसद शंकर लालवानी
शासकीय अत्री देवी विद्यालय एवं SICA कॉलेज

*संविधान की शपथ, प्रतिभाओं का सम्मान और विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल की सौगात – सांसद शंकर लालवानी*
*सांसद सेवा संकल्प के तीन दिवसीय संविधान जागरूकता महाअभियान के अंतर्गत शासकीय अत्री देवी विद्यालय एवं SICA कॉलेज में हुए आयोजन*
*विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान के आदर्शों को किया प्रस्तुत*
इंदौर। भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सांसद श्री शंकर लालवानी की पहल पर सांसद सेवा संकल्प द्वारा आयोजित तीन दिवसीय संविधान जागरूकता महाअभियान के अंतर्गत इंदौर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शासकीय अत्री देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं SICA कॉलेज में संविधान दिवस के अवसर पर जागरूकता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विद्यार्थी सम्मान के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सांसद शंकर लालवानी ने इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी समझ विकसित करने तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की पहल की है।
*शासकीय अत्री देवी विद्यालय में दिलाई संविधान की शपथ, सांसद निधि से मिला वाटर कूलर-*
शासकीय अत्री देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों को आत्मसात करना और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में सांसद सेवा संकल्प द्वारा आयोजित चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन, स्वरचित गीत एवं लघुनाटिका के माध्यम से संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर सांसद निधि से विद्यालय में स्थापित आरओ युक्त वाटर कूलर विद्यार्थियों को समर्पित किया गया। सांसद प्रतिनिधि एवं कार्यक्रम समन्वयक श्री कपिल जैन ने बताया कि सांसद श्री शंकर लालवानी की पहल पर विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सुविधा स्थापित कराई गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना सांसद की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में पार्षद जितेंद्र राठौर ने भी सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के प्रयासों की बात कही।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा, विद्यालय प्राचार्य श्रीमती कुसुम सैनी, महेंद्र शर्मा सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
*SICA कॉलेज में संविधान के मूल्यों के साथ भारतीय संस्कृति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम-*
SICA कॉलेज, इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संविधान दिवस को उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ मनाया। यहां चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन, स्वरचित गीत और लघुनाटिका की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहीं।
विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान की मूल भावना, भारतीय लोकतंत्र की विशेषताओं और देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को समझने के साथ भारतीय संस्कृति, कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़ने का अवसर मिला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें संविधान के प्रति निष्ठा रखने, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय निदेशक कार्तिक शास्त्री, डॉ. आर. श्रीधर, के. गिरिधरण,. रमेश, सुरेश अय्यर, कॉलेज प्राचार्य श्रीमती गुंजन शुक्ला एवं श्रीमती सृष्टि सिसोदिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
*संविधान जागरूकता के साथ संस्कार, संस्कृति और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश*
सांसद सेवा संकल्प के इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल संविधान की जानकारी ही नहीं, बल्कि उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और भारतीय संस्कृति एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित करने का संदेश दिया जा रहा है। प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संवाद एवं सम्मान समारोहों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।




