बड़वाह। NVIS की छात्राओं ने हासिल किए इंग्लिश वाद- विवाद प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान

कपिल वर्मा बड़वाह। बड़वाह की नर्मदा वैली इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। यह प्रतियोगिता नर्मदा सहोदया स्कूल क्लस्टर खरगोन (NSSCK) के तत्वावधान में पैरेंट्स प्राइड इंटरनेशनल स्कूल, सनावद में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली इंग्लिश भाषा की वक्तृत्व कला, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास एवं विषय की गहन समझ का शानदार परिचय देते हुए पदक हासिल किए।
विद्यालय की कक्षा 10वीं की छात्रा धुन रवि प्रकाश शर्मा ने पक्ष (In Favour) में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता हासिल की, वहीं स्वस्ति नवदीप सिंह आर्या ने विपक्ष (Against) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यालय के निदेशक सुनील जैन ने छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सफलताएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने दोनों छात्राओं एवं उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करने की शुभकामनाएँ दीं।
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, समर्पण एवं मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस प्रतियोगिता की तैयारी में विद्यालय की प्राचार्य दीप्ति दास एवं शिक्षिका माधुरी भोई ने मार्गदर्शक एवं मेंटर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सुनील जैन, शैक्षणिक निदेशिका नीतू जैन, निदेशक आशीष जैन, निदेशिका डॉ. दृष्टि जैन, स्कूल प्राचार्य दीप्ति दास, उपप्राचार्य अजय प्रजापति ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही मार्गदर्शक शिक्षिका माधुरी भोई के प्रयासों की भी सराहना की।



