नर्मदापुरम में जन्मदिन की पार्टी बनी मौत की वजह, विरोध करने पर युवक को पुल से फेंकने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
फोरलेन ओवरब्रिज पर शोर-शराबे का विरोध करना पड़ा भारी, उपचार के दौरान युवक की मौत के बाद पुलिस ने किया खुलासा

जनोदय पंच। नर्मदापुरम में फोरलेन ओवरब्रिज पर जन्मदिन मनाने के दौरान हुए विवाद में एक युवक को पुल से नीचे फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पथरोटा थाना पुलिस ने सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण थोटा ने बताया कि 26 मई की रात करीब 2.30 बजे फोरलेन स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ओवरब्रिज के पास कुछ युवक जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान वहां ढोल-नगाड़े भी बजाए जा रहे थे।
शोर-शराबे का विरोध करने पर हुई मारपीट
पास में रहने वाले पांडुखेड़ी निवासी 35 वर्षीय सुनील उईके तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और देर रात हो रहे शोर-शराबे का विरोध किया। इसी बात से नाराज युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने सुनील उईके को जान से मारने की नीयत से पुल से नीचे फेंक दिया, जिससे उनके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं।
उपचार के दौरान हुई मौत, गवाहों ने दी अहम जानकारी
घटना के बाद सुनील उईके का उपचार जारी रहा, लेकिन 29 मई की रात उनकी मौत हो गई। जांच के दौरान मृतक की भांजी प्रिया उईके ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, घटना स्थल पर ढोल बजाने पहुंचे बंटी उर्फ सुरेंद्र टिकारिया ने बताया कि उसने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी थी, लेकिन आरोपियों की धमकी के कारण अब तक चुप रहा।
चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
पुलिस ने पूछताछ के दौरान शान मेहतो, राहुल महालहा, दीपक मेहरा और राहुल उर्फ चुन्नी मेहरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जांच में हत्या का मामला सामने आने पर पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी वीरेन्द्र कुमार मिश्रा और थाना प्रभारी मोनिका गौर के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।



