प्रशासन

आयकर विभाग द्वारा 20वें रोजगार मेले का आयोजन

युवाओं की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए हर फाइल और हर निर्णय को देखें : प्रधानमंत्री का युवाओं को ऑनलाइन संबोधन

आयकर विभाग द्वारा 20वें रोजगार मेले का आयोजन

युवाओं की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए हर फाइल और हर निर्णय को देखें : प्रधानमंत्री का युवाओं को ऑनलाइन संबोधन

इंदौर । आयकर विभाग द्वारा भारत सरकार के युवाओं को रोजगार प्रदान करने के राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत 20वें रोजगार मेले का आयोजन ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों एवं संगठनों में चयनित कुल 213 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को गणमान्य अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

 

कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीमती मोना मोहंती, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़), डॉ. तरुण सीम, मुख्य आयकर आयुक्त, इंदौर तथा श्री प्रवीण रावल, प्रधान आयकर आयुक्त, इंदौर भी उपस्थित रहे। आयकर विभाग सहित भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों एवं संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नवनियुक्त अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों ने भी इस भव्य कार्यक्रम में भाग लिया।

 

प्रधान आयकर आयुक्त, इंदौर, श्री प्रवीण रावल ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से समर्पण एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने, प्रत्येक दायित्व को जिम्मेदारी से निभाने तथा सदैव “राष्ट्र प्रथम” की भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

 

श्रीमती सावित्री ठाकुर ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों एवं उनके परिवारजनों को बधाई दी तथा युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला पारदर्शी एवं योग्यता-आधारित रोजगार प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से समर्पण एवं सत्यनिष्ठा के साथ जनसेवा करने तथा यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

 

देशभर में आयोजित रोजगार मेले को ऑनलाइन संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत के नवप्रवर्तकों, उद्यमियों और युवाओं से आज पूरी दुनिया को बड़ी अपेक्षाएं हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त कर्मचारी ऐसे महत्वपूर्ण समय में लोक सेवा से जुड़ रहे हैं, जब भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त कर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे हर फाइल और हर निर्णय को युवाओं की आकांक्षाओं को समर्थन देने के दृष्टिकोण से देखें। उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था, अनुपालन, शिक्षा और कारोबार करने की सुगमता के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे सुधार भारत की आर्थिक प्रगति को गति दे रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से ऐसे निर्णय लेने का आह्वान किया, जो युवा नवप्रवर्तकों एवं उद्यमियों के मार्ग में आने वाली बाधाओं को दूर करने में सहायक हों।

रोजगार मेले का आयोजन प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!