मुरैना में भोज यूनिवर्सिटी परीक्षा में खुलेआम नकल के आरोप, जमीन पर बैठकर कॉपी भरते दिखे परीक्षार्थी
कैलारस के परीक्षा केंद्र से सामने आए वीडियो और तस्वीरों ने शिक्षा व्यवस्था पर खड़े किए गंभीर सवाल

सत्याग्रह लाइव। मुरैना के कैलारस स्थित परीक्षा केंद्र में भोज यूनिवर्सिटी की परीक्षा के दौरान खुलेआम नकल करने के आरोप लगे हैं। वीडियो और तस्वीरों में परीक्षार्थी जमीन पर बैठकर नोट्स के सहारे उत्तर लिखते नजर आए। मामले के सामने आने के बाद जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में भोज यूनिवर्सिटी की एम.ए. और एम.एससी. अंतिम वर्ष की परीक्षाओं के दौरान गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। कैलारस स्थित एक शासकीय कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां से सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बेखौफ होकर नोट्स से लिखते रहे परीक्षार्थी
सामने आए वीडियो में छात्र जमीन पर बैठकर परीक्षा देते नजर आ रहे हैं। प्रत्येक छात्र के सामने नकल के लिए नोट्स रखे हुए दिखाई दे रहे हैं और परीक्षार्थी बिना किसी रोक-टोक के उत्तर पुस्तिकाएं भरते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें नकल रोकने के लिए कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
जमीन पर परीक्षा और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
पूरे मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर छात्रों को जमीन पर बैठकर परीक्षा क्यों देनी पड़ी। परीक्षा केंद्र पर छात्रों के लिए पर्याप्त बेंच, पंखे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं थीं। यह भी सवाल उठ रहा है कि यह केवल अव्यवस्था थी या फिर नकल को बढ़ावा देने वाली कोई सोची-समझी व्यवस्था।
दूसरे राज्यों से भी पहुंचे थे परीक्षार्थी
कैलारस शासकीय कॉलेज परिसर में आयोजित इस परीक्षा में लगभग 150 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के छात्र भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि अधिकांश परीक्षार्थी नौकरीपेशा हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर पदोन्नति हासिल करने के उद्देश्य से परीक्षा दे रहे थे।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
परीक्षा केंद्र पर खुलेआम नकल और लोगों की आवाजाही के वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन और परीक्षा केंद्र अध्यक्ष पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। मामले को लेकर लीड कॉलेज प्राचार्य रामलखन धाकड़ ने कहा, ”भोज यूनिवर्सिटी की परीक्षा में अगर इस तरह की गड़बड़ी सामने आई है, तो टीम से जांच करवाएंगे और अगर ऐसा पाया जाता है तो वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर कार्रवाई कराएंगे।”



