ताज़ा खबरदेश

दिल्ली–पुणे स्पाइसजेट फ्लाइट में AC खराब होने से हंगामा, यात्रियों ने टेकऑफ से पहले जताया विरोध

दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर गर्मी और घुटन से परेशान यात्रियों ने उड़ान रोककर टरमैक पर किया विरोध

 सत्याग्रह लाइव। दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली–पुणे उड़ान में बोर्डिंग के बाद एयर कंडीशनिंग सिस्टम बंद होने से यात्रियों को गर्मी और घुटन का सामना करना पड़ा। राहत नहीं मिलने पर यात्रियों ने हंगामा किया और टेकऑफ से पहले उड़ान रोककर विमान से बाहर निकलकर विरोध जताया।

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली–पुणे उड़ान में बोर्डिंग पूरी होने के बाद केबिन का एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक बंद हो गया। इसके बाद विमान के अंदर तापमान तेजी से बढ़ने लगा। गर्मी और घुटन के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। लंबे समय तक राहत नहीं मिलने पर यात्रियों ने क्रू मेंबर्स के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया।

बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत

यात्रियों के अनुसार, विमान में छोटे बच्चों और बुजुर्गों समेत कई यात्री मौजूद थे। AC बंद होने और वेंटिलेशन नहीं मिलने से केबिन के अंदर हवा रुक गई। यात्रियों ने बताया कि गर्मी के कारण कई लोग पसीने से तर-बतर हो गए और कुछ यात्रियों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

टेकऑफ से पहले यात्रियों ने रोकी उड़ान

भीषण गर्मी और घुटन के बीच विमान को टेकऑफ के लिए रनवे पर लाया गया। यात्रियों ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया और विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद कई यात्री टरमैक पर उतर गए। विरोध के बाद विमान को वापस बे में लाया गया। यात्रियों ने एयरलाइन की लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताई।

वीडियो में मैगजीन और कागज से हवा करते दिखे यात्री

इस घटना से जुड़े कई वीडियो एक्स पर साझा किए गए हैं। वीडियो में यात्री विमान के अंदर सीट में रखी मैगजीन और कागजों से हवा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर ने दावा किया कि विमान में पहले से तकनीकी खराबी थी और इसके बावजूद बोर्डिंग कराई गई।

कैप्टन और क्रू पर यात्रियों ने लगाए आरोप

यात्रियों के अनुसार, जब उन्होंने विमान में गर्मी और घुटन के बीच उड़ान भरने से इनकार किया, तब फ्लाइट के कैप्टन और क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को चुप कराने के लिए पुलिस बुलाने की धमकी दी। बाद में जांच के दौरान विमान में पहले से गंभीर तकनीकी खराबी होने की बात सामने आई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!