देश
15 हजार भृत्यों को मिला बाबू बनने का मौका, पदोन्नति की राह में रोड़ा बनी सीपीसीटी की शर्त सरकार ने हटाई
10 साल से अटकी पदोन्नति का रास्ता खुला, मुख्यमंत्री की पहल पर मिली विशेष छूट; अब तृतीय श्रेणी में शामिल होकर पा रहे सम्मानजनक पदनाम, 71 फीसदी कर्मचारियों को मिल चुका लाभ

आशीष यादव धार।
सरकारी दफ्तरों में वर्षों तक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में सेवाएं देने वाले हजारों कर्मचारियों के लिए सरकार का एक फैसला नई पहचान लेकर आया है। कभी भृत्य के पदनाम से पहचाने जाने वाले इन कर्मचारियों के लिए अब बाबू बनने का रास्ता साफ हो गया है। मध्यप्रदेश सरकार ने टाइपिंग और कंप्यूटर दक्षता की अनिवार्य शर्त में छूट देकर करीब 15 हजार भृत्यों सहित हजारों चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी के पदों पर पदोन्नति का अवसर दिया है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे इन कर्मचारियों के लिए यह फैसला केवल पद बढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सम्मान और पहचान से भी जुड़ा है। अब कर्मचारी अपने पदनाम को लेकर पहले से अधिक आत्मविश्वास महसूस कर रहे हैं। हालांकि, कर्मचारी संगठनों की मांग है कि भृत्य पद का नाम बदलकर कार्यालय सहायक किया जाए, ताकि नए कर्मचारियों को भी सम्मानजनक पहचान मिल सके।
प्रदेश में नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की संख्या करीब 35 से 38 हजार बताई जा रही है। इनमें लगभग 15 हजार कर्मचारी भृत्य के पद पर कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों के सामने सबसे बड़ी बाधा टाइपिंग और कंप्यूटर ज्ञान का प्रमाण पत्र यानी सीपीसीटी थी। भर्ती के समय इन योग्यताओं की अनिवार्यता नहीं थी, लेकिन पदोन्नति के लिए यही शर्त आड़े आ रही थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में मामला आने के बाद सरकार ने शर्तों के साथ छूट देने का निर्णय लिया। सामान्य प्रशासन विभाग ने 14 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किए। इसके बाद पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब तक करीब 71 प्रतिशत कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी के पदों पर पदोन्नति मिल चुकी है।
रिश्तेदारी के समय पदनाम बताने में भी होती थी झिझक
पदोन्नति का यह मामला कर्मचारियों के लिए केवल विभागीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा से भी जुड़ा रहा है। कर्मचारी संगठनों के अनुसार, कई बार बेटे-बेटियों के विवाह के लिए रिश्तेदारी की बातचीत के दौरान अभिभावक अपने भृत्य पदनाम को बताने में संकोच महसूस करते थे। कुछ मामलों में इसी पदनाम को लेकर रिश्ते तय करने में भी हिचकिचाहट सामने आती थी। अब पदोन्नति के बाद ऐसे कर्मचारियों को नई पहचान मिली है। हालांकि, कर्मचारी संगठन का कहना है कि पदोन्नति के साथ ही भृत्य पदनाम को भी बदला जाना चाहिए।
दस साल तक पदोन्नति पर लगा रहा था ब्रेक
प्रदेश में मई 2016 से पदोन्नति की प्रक्रिया प्रभावित थी। वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों को पदोन्नति देने की घोषणा की थी। तत्कालीन मुख्य सचिव अनुराग जैन ने अधिकारियों को 10 सप्ताह के भीतर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य दिया था। इसके बाद विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति मिलने लगी, लेकिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का मामला टाइपिंग और कंप्यूटर दक्षता की अनिवार्यता के कारण अटक गया। दरअसल, तृतीय श्रेणी में पदोन्नति के बाद अधिकांश कर्मचारियों को लिपिकीय कार्य करना होता है। पहले ये काम टाइपराइटर से होते थे, जबकि अब कंप्यूटर के माध्यम से किए जाते हैं। भर्ती के समय इन योग्यताओं की शर्त नहीं होने के कारण कर्मचारी बाद में इस प्रक्रिया में पिछड़ गए थे।
पदनाम बदलकर कार्यालय सहायक करने की मांग
मप्र लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा का कहना है कि समय के साथ सामाजिक परिस्थितियां बदली हैं और हर व्यक्ति सम्मानजनक पहचान चाहता है। भृत्य पदनाम के कारण कर्मचारियों के परिवारों को भी कई बार असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। पदोन्नति से हजारों कर्मचारियों को राहत मिली है, लेकिन अब सरकार को भृत्य पद का नाम बदलकर कार्यालय सहायक करना चाहिए। इससे शासन पर कोई वित्तीय भार भी नहीं आएगा। संगठन इस मांग को लेकर पहले भी संघर्ष करता रहा है और आगे भी जारी रखेगा।
वल्लभ भवन के 63 कर्मचारियों की पदोन्नति शेष
पदोन्नति प्रक्रिया में अधिकांश पात्र कर्मचारियों को लाभ मिल चुका है। वहीं वल्लभ भवन के 63 कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी होना शेष हैं। जानकारी के अनुसार, इनके आदेश अगले सप्ताह जारी होने की संभावना है। इसके बाद लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।



