रतलाम के किसानों को बड़ी राहत, अब घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग से मिलेंगे उन्नत किस्म के प्रमाणित बीज
सीड पोर्टल, IARI, ICAR और एसबीआई योनो एप के माध्यम से किसान प्रमुख अनुसंधान केंद्रों से बीज खरीद सकेंगे।

सत्याग्रह लाइव। रतलाम सहित आसपास के जिलों के किसानों के लिए उन्नत किस्म के बीज प्राप्त करना अब आसान हो गया है। किसान घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से सोयाबीन, मक्का, कपास और औषधीय फसलों के बीज मंगवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें सीड पोर्टल या अधिकृत संस्थानों की वेबसाइट पर पंजीकरण कर बुकिंग करनी होगी।
खरीफ सीजन की फसलों, जिनमें सोयाबीन, मक्का, कपास और औषधीय फसलें शामिल हैं, के उन्नत बीज अब किसान ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए किसानों को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) या अन्य ICAR संस्थानों की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण कर उपलब्ध बीजों की ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। इसके अलावा एसबीआई के योनो एप के माध्यम से भी देश के प्रमुख बीज अनुसंधान केंद्रों से बीज खरीदे जा सकेंगे।
गुणवत्तापूर्ण बीज की समस्या का समाधान
कृषि विज्ञान केंद्र कालूखेड़ा के कृषि वैज्ञानिक आरएस भदौरिया ने बताया कि किसान लंबे समय से इस असमंजस में रहते हैं कि अच्छी गुणवत्ता का बीज कहां से खरीदा जाए। कई बार अधिक कीमत चुकाने के बाद भी बीज की गुणवत्ता प्रमाणित नहीं होती। अब किसान घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग कर देश के प्रमुख बीज अनुसंधान केंद्रों से बीज प्राप्त कर सकेंगे और उन्हें दूर तक यात्रा करने की आवश्यकता भी नहीं होगी।
भुगतान और डिलीवरी की व्यवस्था
किसानों को वेबसाइट पर उपलब्ध बीजों की जानकारी लेकर बुकिंग करनी होगी। इसके बाद यूपीआई (UPI) या अन्य उपलब्ध भुगतान विकल्पों के माध्यम से भुगतान कर रियायती दरों पर बीज खरीदे जा सकते हैं। कुछ अनुसंधान केंद्रों पर बीज प्राप्त करने के लिए किसान को स्वयं उपस्थित होना पड़ता है, जबकि अधिकांश केंद्रों से कोरियर या पार्सल सुविधा के माध्यम से बीज किसानों के बताए गए पते पर भेजे जाते हैं। राजस्थान के अजमेर स्थित राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र, भारतीय कृषि बीज अनुसंधान केंद्र आनंद और लखनऊ से भी उन्नत किस्म के बीजों की ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है।
स्थानीय स्तर पर भी उपलब्ध रहेंगे बीज
कृषि वैज्ञानिक आरएस भदौरिया ने बताया कि केंद्रीय कृषि विभाग के सीड पोर्टल के अलावा किसानों को अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्रों पर भी उन्नत बीजों की उपलब्धता की जानकारी लेनी चाहिए। रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले के किसान बीज अनुसंधान केंद्र बनाखेड़ा जावरा, उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर और स्थानीय कृषि विभाग कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं। किसानों को महंगे और अप्रमाणित बीजों से बचते हुए अनुशंसित संस्थानों से ही बीज खरीदना चाहिए, जिससे खेती की लागत भी कम की जा सके।



