एमपी ब्रेकिंगताज़ा खबरमध्यप्रदेश

शिवपुरी में सिलेंडर विस्फोट ने उजाड़ा परिवार, पिता समेत तीन लोगों की मौत से गांव में पसरा मातम

खनियाधाना थाना क्षेत्र के गुड़र गांव में हुए भीषण धमाके में मृतकों की संख्या तीन हुई, दो घायलों का इलाज जारी

सत्याग्रह लाइव। शिवपुरी जिले के गुड़र गांव में सिलेंडर विस्फोट की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। गंभीर रूप से झुलसे प्राण सिंह प्रजापति ने ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में उनकी पुत्री जानवी और 11 वर्षीय बालक कल्ला आदिवासी की भी मौत हो चुकी है।

शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के गुड़र गांव में बुधवार सुबह प्राण सिंह प्रजापति के घर में भोजन बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। इसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि मकान की छत और दीवारें ढह गईं तथा पूरे परिसर में आग फैल गई। हादसे की चपेट में घर के सदस्य आने के साथ बाहर खेल रहा 11 वर्षीय बालक कल्ला आदिवासी भी झुलस गया।

तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर

बुधवार को घटना के दौरान प्राण सिंह प्रजापति की चार वर्षीय पुत्री जानवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गुरुवार सुबह घायल 11 वर्षीय बालक कल्ला आदिवासी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गुरुवार शाम ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में उपचार के दौरान प्राण सिंह प्रजापति की भी मृत्यु हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई है।

घायलों को ग्वालियर किया गया रेफर

खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अमला और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में घायल प्राण सिंह प्रजापति की पत्नी रोशनी प्रजापति और पुत्र शिवा प्रजापति को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

कलेक्टर, एसपी और विधायक ने किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया और विधायक प्रीतम लोधी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन घायलों के उपचार की लगातार निगरानी कर रहा है। एक ही हादसे में पिता, बेटी और एक मासूम बालक की मौत से पूरे गुड़र गांव में शोक का माहौल है, जबकि अन्य घायलों का इलाज ग्वालियर में जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!