रतलाम में नीट परीक्षा के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी, छात्रों की सुविधा हेतु चार स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
ग्रीष्मकालीन भीड़ और नीट परीक्षा के दबाव को देखते हुए रेलवे ने इंदौर, भोपाल, रतलाम और बांद्रा के लिए विशेष व्यवस्था की

सत्याग्रह लाइव। 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा को देखते हुए भारतीय रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। रतलाम रेल मंडल से इंदौर, भोपाल, डॉ. अंबेडकर नगर और बांद्रा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे छात्रों और उनके परिजनों को यात्रा में राहत मिलेगी।
21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ और यात्री ट्रेनों पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। नीट परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या लाखों में होने के कारण नियमित ट्रेनों में आरक्षण लगभग पूर्ण हो चुका है। जिन अभ्यर्थियों को दूसरे शहरों में परीक्षा केंद्र मिले हैं, उनके लिए रेल यात्रा ही प्रमुख विकल्प बनी हुई है।
इंदौर-भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेनों का समय
इंदौर-भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन (09354) 20 जून को सुबह 11:25 बजे इंदौर स्टेशन से रवाना होकर फतेहाबाद और बड़नगर होते हुए दोपहर 1:00 बजे रतलाम पहुंचेगी। इसके बाद नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर और सीहोर होते हुए शाम 7:00 बजे भोपाल पहुंचेगी। वहीं भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन (09353) 20 जून को शाम 7:40 बजे भोपाल से रवाना होकर सीहोर, शुजालपुर, मक्सी और उज्जैन होते हुए 21 जून को देर रात्रि 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज और बड़नगर नहीं जाएगी। इन ट्रेनों में स्लीपर क्लास और जनरल सेकंड क्लास कोच उपलब्ध रहेंगे।
डॉ. अंबेडकर नगर-बांद्रा स्पेशल ट्रेन का संचालन
डॉ. अंबेडकर नगर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन (09352) 19 जून 2026 को रात 11:00 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से रवाना होगी। यह इंदौर, उज्जैन और रतलाम होते हुए दाहोद, बड़ोदरा, सूरत और वलसाड के रास्ते 20 जून को दोपहर 3:40 बजे बांद्रा पहुंचेगी। वापसी में बांद्रा-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन (09351) 20 जून को शाम 6:20 बजे रवाना होकर 21 जून को सुबह 6:15 बजे रतलाम पहुंचेगी और इसके बाद नागदा, उज्जैन तथा इंदौर पहुंचेगी।
रेलवे ने दी बुकिंग और जानकारी की सुविधा
यह ट्रेनें दोनों दिशाओं में इंदौर, उज्जैन, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी, भरूच, अंकलेश्वर, सूरत, नवसारी, बिलीमोरा, वलसाड, वापी, पालघर और बोरीवली सहित कई स्टेशनों पर ठहरेंगी। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि विशेष रूप से नीट परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसकी बुकिंग 19 जून से शुरू हो चुकी है। यात्रियों को समय, ठहराव और कोच संरचना की जानकारी रेलवे की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।



