ग्वालियर के तिघरा डैम में MBBS के दो छात्र डूबे, पिकनिक के दौरान हुआ हादसा
गजराराजा मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं का समूह पिकनिक मनाने पहुंचा था, SDRF और गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन।

ग्वालियर के तिघरा डैम में पिकनिक मनाने पहुंचे गजराराजा मेडिकल कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं के समूह के दो MBBS छात्र डूब गए। घटना रिस्ट्रिक्टेड जोन के कच्ची पार क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
ग्वालियर के तिघरा डैम में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) के आठ छात्र-छात्राओं का समूह पिकनिक मनाने डैम पहुंचा था। समूह में चार छात्र और चार छात्राएं शामिल थीं। बोट क्लब से करीब तीन किलोमीटर दूर कच्ची पार क्षेत्र में दो छात्र आयुष श्रीवास्तव निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार और गोपाल अग्रवाल निवासी बीना, जिला सागर पानी के किनारे नहाने गए थे। यह क्षेत्र रिस्ट्रिक्टेड जोन बताया गया है।
पैर फिसलने से गहरे पानी में समाए
जानकारी के अनुसार आयुष श्रीवास्तव और गोपाल अग्रवाल MBBS द्वितीय वर्ष के छात्र थे। नहाने के दौरान दोनों का पैर फिसल गया, जिससे वे अचानक 40 से 50 फीट गहरे पानी में चले गए और डूब गए। अन्य साथी ऊपर पिकनिक स्थल पर मौजूद थे। काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर साथियों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान कच्ची पार के पथरीले किनारे पर दोनों छात्रों के जूते और कपड़े सलीके से रखे हुए मिले। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी
घटना की जानकारी मिलते ही तिघरा थाना पुलिस, सीएसपी कृष्णपाल सिंह और थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंषाना मौके पर पहुंचे। SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। रात के अंधेरे में बोट और हाई-पावर लाइट की सहायता से तलाश की गई। डैम की अधिक गहराई, कीचड़ और चट्टानों के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाई का सामना करना पड़ा। देर रात एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया। सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि दोनों छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा संयुक्त टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।



