बड़वाह। जिला कलेक्टर व एसपी ने बड़वाह के नर्मदा घाट, सीएम राइस स्कूल, जयंती माता मंदिर क्षेत्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा….

कपिल वर्मा बड़वाह। बड़वाह नावघाट खेड़ी स्थित नर्मदा घाट पर आगामी दिनों मे दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को जिला कलेक्टर गुरु प्रसाद व जिला पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा व एडिशनल एसपी शकुंतला रुहल सहित अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
उसके बाद अधिकारियों ने मेहताखेड़ी रोड़ स्थित निर्माणाधीन सीएम राइस स्कूल का जायजा लिया। यहां पर उन्होंने स्कूल के निर्माण का अवलोकन किया। पश्चात वह संदीपनी कन्या विद्यालय पहुंचे।
यहां जिला कलेक्टर ने क्लास रुम से शिक्षकों को बाहर करते हुए छात्राओं से स्कूल संबंधी समस्याओं के संबंध मे पूछताछ की लेकिन छात्राओं ने कोई बड़ी समस्या नहीं बताई। इसके बाद अधिकारियों ने चल रहे नवरात्रि पर को लेकर जयंती माता मंदिर क्षेत्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान जिला कलेक्ट गुरुप्रसाद ने बताया कि उन्होंने एसपी महोदय के साथ नर्मदा घाट का निरीक्षण किया है। इसका मकसद आने वाले दिनों में नर्मदा जी में जो मूर्ति विसर्जन होगा, उसकी तैयारियों को देखना था। सभी तैयारियों की समीक्षा की गई है और संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया है ताकि विसर्जन का काम अच्छे से हो सके।
उन्होंने कहा कि सीएम राइज स्कूल का नया भवन बन रहा है, उसका भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि भवन का काम थोड़ा लेट चल रहा है, लेकिन ठेकेदार को निर्देश दिया गया है कि जल्दी से जल्दी काम पूरा करे। अनुमान है कि दिसंबर तक भवन बनकर तैयार हो जाएगा और जनवरी-फरवरी में स्कूल नए भवन में शिफ्ट हो जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने संदीपनी स्कूल के बच्चों से सीधी बात की। उन्होंने कहा कि वे हमेशा टीचरों को क्लास से बाहर निकाल देते हैं और फिर बच्चों से उनकी समस्या पूछते हैं, ताकि बच्चे बिना डरे अपनी बात बता सकें। लेकिन स्कूल में बच्चों ने कोई बड़ी समस्या नहीं बताई,1-2 छोटी समस्याएं ही थीं। साथ ही बच्चों को भविष्य में अच्छा करने के लिए प्रेरित भी किया गया।
उन्होंने बताया कि शिक्षा में सुधार के लिए 2 बड़ी योजनाएं लाइव क्लासेस की है जिले के जो सबसे अच्छे टीचर हैं, उनके द्वारा पूरे जिले के बच्चों को एक साथ लाइव क्लास के माध्यम से पढ़ाया जा रहा है। जिले के बच्चों को JEE और NEET की तैयारी के लिए फिजिक्स वाला संस्था से जोड़ने की योजना है।
उन्होंने बताया कि मंडला जिले में यह प्रयोग सफल रहा है, उसी को देखकर यहां भी शुरू करने के लिए बातचीत चल रही है। कलेक्टर ने नगर मे एसडीएम व तहसील कार्यालय के अलग अलग बने भवनों को एक जगह करने का काम शुरू होने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों की सुविधा एक जगहों पर होगी जिससे लोगों को एक ही जगह पर सारे काम की सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सत्यनारायण दर्रों, एसडीओपी मुकेश इजारदार, थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन, यातायात टीआई आशा यादव आदि मौजूद रहे।




