इंदौर के पॉश शिव शक्ति नगर में एसी ब्लास्ट के बाद बंगले में भीषण आग, सुरक्षित निकाले गए लोग
कनाड़िया क्षेत्र के बंगले में लगी आग पर 8 हजार लीटर पानी से पाया गया काबू, कृषि कॉलेज स्थित सिटी बस डिपो में भी जली एक बस।

जनोदय पंच। इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित शिव शक्ति नगर में एक बंगले में एसी में हुए कथित शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। वहीं कृषि कॉलेज स्थित सिटी बस डिपो में खड़ी एक बस में भी आग लगने की घटना सामने आई।
इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र के पॉश इलाके शिव शक्ति नगर में रिवाज गार्डन के पीछे स्थित रितेश राजेन्द्र दुबे के बंगला नंबर 5 में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के दौरान चल रहे एयर कंडीशनर (एसी) में शॉर्ट सर्किट होने के बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे बंगले में फैल गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बंगले में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला
आग लगने के बाद बंगले में मौजूद परिवार और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई। लपटों के कारण कुछ लोग अंदर फंस गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। इसके बाद कनाड़िया थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने जोखिम उठाकर बंगले में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के लिए करीब 8 हजार लीटर पानी की बौछार की गई, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
सिटी बस डिपो में भी जली एक बस
इसी दिन इंदौर के कृषि कॉलेज क्षेत्र स्थित सिटी बस डिपो में खड़ी एक बस में भी आग लग गई। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई गई है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब 10 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। बताया गया कि आग एक कंडम बस में लगी थी। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों नवलखा क्षेत्र में भी तीन बसों में आग लगने की घटना हुई थी।



