इंदौर के नंदानगर में युवक ने फांसी लगाई, वीडियो में प्रेमिका समेत पांच लोगों को ठहराया जिम्मेदार
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में हुई घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।

इंदौर के नंदानगर क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक लविश लश्करी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में उसने प्रेमिका, उसकी बहन, भाई और अन्य दो लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है।
नंदानगर में युवक ने की आत्महत्या
इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित नंदानगर में 25 वर्षीय युवक लविश लश्करी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार लविश मूल रूप से उज्जैन का निवासी था और इंदौर में किराए के कमरे में रहकर निजी टैक्सी चलाता था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
पुलिस को मृतक के भाई के माध्यम से एक वीडियो मिला है, जिसे लविश ने आत्महत्या से पहले बनाया था। यह वीडियो उसने अपने भाई को भी भेजा था। वीडियो में उसने अपनी प्रेमिका, उसकी बहन, भाई और अन्य दो लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस के अनुसार वीडियो में एक युवती का नाम भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
दो साल से था प्रेम संबंध
स्वजन के मुताबिक लविश का खंडवा निवासी एक युवती से करीब दो वर्ष से प्रेम संबंध था। बताया गया कि जब युवती के स्वजन को इसकी जानकारी लगी तो वे उसे अपने साथ ले गए। वीडियो में लविश ने यह भी कहा कि लड़के सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें प्यार साबित करने के लिए जान देना पड़ती है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



