गोपाष्टमी पर अहिल्या गौशाला में गूंजे गौ माता के जयकारे
विश्व जागृति मिशन इंदौर मंडल के गुरु भक्तों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ किया सामूहिक गौ पूजन

गोपाष्टमी पर अहिल्या गौशाला में गूंजे गौ माता के जयकारे
विश्व जागृति मिशन इंदौर मंडल के गुरु भक्तों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ किया सामूहिक गौ पूजन, गौसेवा का लिया संकल्प
इंदौर। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर शहर के कैसरबाग स्थित अहिल्या गौशाला में भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला। आचार्य श्री सुधांशु जी महाराज द्वारा स्थापित विश्व जागृति मिशन इंदौर मंडल के बड़ी संख्या में गुरु भक्तों ने गौशाला पहुंचकर पूरे विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ सामूहिक रूप से गौ माता का पूजन किया।
इस अवसर पर गौ माता का तिलक लगाकर, पुष्पमालाओं से श्रृंगार कर पूजन-अर्चन किया गया। भक्तों ने गौ माता की आरती उतारी और सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। गौशाला परिसर गौ माता के जयकारों और भक्ति भाव से गुंजायमान हो उठा। गुरु भक्तों ने केवल पूजन ही नहीं किया, बल्कि गौशाला में सेवा कार्यों में भी सहभागिता निभाकर गौसेवा का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि कैसरबाग स्थित अहिल्या गौशाला में गोपाष्टमी के अवसर पर प्रतिवर्ष गौ पूजन का भव्य आयोजन किया जाता है। गौशाला के पदाधिकारियों एवं संस्था की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल होते हैं। पूजन-अर्चन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था भी की जाती है।
गौ माता की सेवा में समाहित है समस्त देवताओं का आशीर्वाद
हमारी सनातन संस्कृति में गौ माता को विशेष पूजनीय स्थान प्राप्त है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गौ माता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है। मान्यता है कि गौ माता का पूजन, संरक्षण और सेवा करने से भक्तों को पुण्य एवं देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। गौसेवा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि करुणा, संवेदना, परोपकार और जीवमात्र के प्रति प्रेम का प्रतीक भी है।
विश्व जागृति मिशन इंदौर मंडल के इस आयोजन ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौ संरक्षण एवं गौसेवा के प्रति समाज को जागरूक करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
कार्यक्रम में विश्व जागृति मिशन मंडल के महामंत्री कृष्ण मुरारी शर्मा, अनिल शर्मा, विजय पांडे, गोपाल नीमा, कालू पोरवाल, गोविन्द गंगराडे, शालू शर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में गुरु भक्त उपस्थित रहे।




