देर आए, दुरुस्त आए! जनता को राहत देना महापौर का कर्तव्य, एहसान नहीं- सोनिला मिमरोट भाटिया”
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष

देर आए, दुरुस्त आए! जनता को राहत देना महापौर का कर्तव्य, एहसान नहीं- सोनिला मिमरोट भाटिया”
इंदौर। इंदौर मध्य क्षेत्र एवं छावनी सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों के रहवासियों को डाटा फॉर्म के माध्यम से 500 वर्गमीटर तक के भूखंडों के नक्शे पास कराने की अनुमति मिलने पर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती सोनिला मिमरोट भाटिया ने इसे जनता के संघर्ष की जीत बताया है।
सोनिला मिमरोट भाटिया ने कहा कि पिछले कई वर्षों से इन क्षेत्रों के हजारों रहवासी भवन निर्माण एवं पुनर्निर्माण की अनुमति नहीं मिलने के कारण परेशान थे। नागरिकों की इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने कुछ समय पूर्व ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शासन से तत्काल अनुमति जारी करने की मांग की थी।
श्रीमती भाटिया ने कहा कि देर आए, दुरुस्त आए। आखिरकार शासन ने अनुमति दे दी, यह स्वागत योग्य है। लेकिन सवाल यह है कि जब जनता पिछले तीन वर्षों से परेशान थी, तो इस समस्या का समाधान पहले क्यों नहीं किया गया? अब चुनाव नजदीक आते ही जनता को राहत देने की याद कैसे आ गई? कहीं यह चुनावी समय में जनता को लुभाने की कोशिश तो नहीं है?
सोनिला मिमरोट भाटिया ने महापौर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता को राहत देना नगर निगम और सरकार की जिम्मेदारी है, कोई एहसान नहीं। केवल वीडियो जारी करके श्रेय लेने से काम नहीं चलेगा। अब जरूरी है कि नगर निगम में नक्शे पास करने की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो, ताकि आम नागरिकों को फिर से दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस पार्षद दल हमेशा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाता रहा है। यह राहत किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों से परेशान नागरिकों की मांग और उनके संघर्ष का परिणाम है।


