धारप्रशासनमध्यप्रदेश

ग्रामीणों को संपत्ति का मालिकाना हक दिलाने की तैयारी, 17 सितंबर से शुरू होगा अभियान

स्वामित्व अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क निष्पादन-पंजीयन होगा, सेवा संकल्प अभियान में गांव-गांव तक पहुंचेंगी योजनाएं

ग्रामीणों को संपत्ति का मालिकाना हक दिलाने की तैयारी, 17 सितंबर से शुरू होगा अभिया

स्वामित्व अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क निष्पादन-पंजीयन होगा, सेवा संकल्प अभियान में गांव-गांव तक पहुंचेंगी योजनाए

आशीष यादव धार।

ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में लंबे समय से अपने भू-खण्ड पर अधिकार रखने वाले लोगों को अब संपत्ति का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने की प्रक्रिया तेज होगी। 17 सितंबर से स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 शुरू की जा रही है। इसके तहत स्वामित्व योजना से संबंधित अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख का निष्पादन और पंजीयन निःशुल्क किया जाएगा। इसी के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में बैठक हुई। कलेक्टर ने दोनों अभियानों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित गतिविधियों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां पूरी करें।

निःशुल्क होगा अधिकार अभिलेखों का पंजीयन
बैठक में बताया गया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों के भू-खण्ड संबंधी अधिकारों को सुरक्षित करना और उन्हें संपत्ति का वैधानिक मालिकाना हक उपलब्ध कराना है। योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्वामित्व योजना से संबंधित अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख का निष्पादन एवं पंजीयन निःशुल्क किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को 17 सितंबर से योजना शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा।

एक माह तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत अलग-अलग विभागों के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने जिला पंचायत को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के लिए पर्याप्त संख्या में दीयों की व्यवस्था करने और हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

स्कूलों में होंगी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं
‘सेवा चित्र’ के तहत जिले के शासकीय विद्यालयों में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
नाट्य प्रस्तुति से गांव-गांव पहुंचेंगी योजनाएं
संस्कृति विभाग को ‘सेवा स्मरण’ के तहत संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए कलाकारों का चयन और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया।

आंगनवाड़ियों में होगा ‘आनंद का मिलन’
महिला एवं बाल विकास विभाग को स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आनंद का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जनसंपर्क विभाग को ‘कहानी बदलाव की’ और ‘25 साल, 25 कहानियां’ से जुड़ी गतिविधियों के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा ‘सेवा जयति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सेवा रंग’ सहित अन्य गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार कर उन्हें आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर मेघा पावर, पंकज परमार , सलोनी अग्रवाल,सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!