धारप्रशासनमध्यप्रदेश

क्षमता से अधिक सवारी और मनमाना किराया वसूलने वाली बसों पर कार्रवाई चेकिंग अभियान में 51 हजार 500 रुपए शमन शुल्क वसूला, टोल नाकों पर बसों की जांच।

धार में RTO चेकिंग के दौरान ओवरलोड बस मिली अधिकारी बोले- चालान नहीं करेंगे, आधा किराया लौटा दो; कंडक्टर ने 50-50 रुपए वापस किए

क्षमता से अधिक सवारी और मनमाना किराया वसूलने वाली बसों पर कार्रवाई चेकिंग अभियान में 51 हजार 500 रुपए शमन शुल्क वसूला, टोल नाकों पर बसों की जांच

धार में RTO चेकिंग के दौरान ओवरलोड बस मिली अधिकारी बोले- चालान नहीं करेंगे, आधा किराया लौटा दो; कंडक्टर ने 50-50 रुपए वापस कि

आशीष यादव धार।

यात्री बसों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और यात्रियों से निर्धारित किराए से ज्यादा राशि वसूलने की शिकायतों को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के आदेश एवं परिवहन आयुक्त के मार्गदर्शन में जिलेभर में यात्री बसों की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान बसों में यात्रियों की संख्या, निर्धारित किराया, परमिट सहित अन्य दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
दत्तीगांव टोल प्लाजा के पास बसों की सघन जांच
परिवहन विभाग की टीम ने इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर स्थित दत्तीगांव टोल प्लाजा सहित जिले के प्रमुख मार्गों और टोल क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की। यहां से गुजरने वाली यात्री बसों को रोककर यात्रियों से किराए की जानकारी ली गई। साथ ही बस की निर्धारित क्षमता के मुकाबले कितनी सवारियां बैठी हैं, इसका भी परीक्षण किया गया। 26 अगस्त तक चलाए गए अभियान में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव, परिवहन उप निरीक्षक दिव्या पाटीदार, सहायक वर्ग-2 मधुकर सिसोदिया सहित विभागीय टीम ने दर्जनों यात्री बसों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित बस संचालकों और वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

महिलाओं का आधा किराया वापस किया:
धार में रक्षाबंधन पर बस चेकिंग के दौरान अलग मामला सामने आया। इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर घाटा बिल्लोद में आरटीओ बसों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक ओवरलोड यात्री बस को रोका। बस सांवेर से धार जा रही थी। उसमें क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे। बस में बड़ी संख्या में महिलाएं भी थीं। आरटीओ हृदयेश यादव ने ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की बात कही। इस पर कंडक्टर ने बताया कि रक्षाबंधन के कारण कई महिलाएं यात्रा कर रही हैं।आरटीओ ने कहा कि अगर सांवेर से धार जाने वाली महिलाओं का आधा किराया वापस कर दिया जाए, तो चालान नहीं बनाया जाएगा और जुर्माना भी नहीं लिया जाएगा। इसके बाद कंडक्टर ने बस में बैठी सांवेर से धार जा रही महिलाओं को किराए में से 50-50 रुपए वापस कर दिए। रकम वापस मिलने पर महिलाओं ने खुशी जताई और आरटीओ का आभार माना।

51 हजार 500 रुपए शमन शुल्क वसूला
अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग ने अब तक 51 हजार 500 रुपए का शमन शुल्क वसूल किया है। विभाग की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों से मनमाना किराया वसूलना और बस की निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाना सीधे तौर पर यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।

यात्रियों से ली जा रही किराए की जानकारी
चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग की टीम केवल बस के दस्तावेजों की जांच तक सीमित नहीं रही, बल्कि बस में बैठे यात्रियों से भी निर्धारित किराए के संबंध में जानकारी ली गई। यात्रियों से यह पूछा गया कि उनसे यात्रा के लिए कितनी राशि ली गई है। किराए में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित बस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बस चालकों और ऑपरेटरों को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों से शासन द्वारा निर्धारित किराया ही लिया जाए। अतिरिक्त राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ओवरलोडिंग पर भी रहेगी नजर
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को स्पष्ट किया है कि बस की निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर संचालन नहीं किया जाए। क्षमता से अधिक सवारी मिलने पर न केवल चालानी कार्रवाई की जाएगी, बल्कि मामले की गंभीरता के आधार पर अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। विभाग का कहना है कि ओवरलोड बसों से यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ जाता है, इसलिए अभियान के दौरान इस बिंदु पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन अधिकारियों के अनुसार विशेष चेकिंग अभियान केवल एक-दो दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के प्रमुख मार्गों, टोल नाकों और यात्री बसों के आवागमन वाले क्षेत्रों में लगातार जांच की जाएगी। अधिकारियों ने बस संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी बस संचालक द्वारा बार-बार नियमों का उल्लंघन किया जाता है या यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ परमिट निरस्तीकरण सहित अन्य दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की लगातार कार्रवाई से बस संचालकों पर नियमों के पालन का दबाव बढ़ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!