अपराधताज़ा खबरदेश

नोएडा में 16वीं मंजिल से नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने पति पर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

डिवाइन मीडोज सोसाइटी में हुई घटना, पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सत्याग्रह लाइव। नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में 24 वर्षीय कामिनी कुमारी की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। शादी के करीब एक महीने बाद हुई मौत पर मायके वालों ने पति मंथन धीमान पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

 

नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे 24 वर्षीय कामिनी कुमारी की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, कामिनी ने लिली टावर की 16वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाई। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। परिजन कामिनी को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

11 जुलाई को हुई थी कामिनी की शादी

कामिनी की शादी 11 जुलाई को मंथन धीमान के साथ हुई थी। पुलिस के मुताबिक, वह अपने पति के साथ डिवाइन मीडोज सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1602 में किराये पर रहती थी। कामिनी मूल रूप से एटा की रहने वाली थी, जबकि मंथन मूल रूप से देहरादून का निवासी है और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है।

मायके वालों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले नोएडा पहुंचे। उन्होंने पुलिस के सामने मंथन पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मंथन ने कामिनी के पिछले कुछ समय से अवसाद में होने और इलाज चलने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, कामिनी पहले बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी।

फॉरेंसिक जांच के साथ सभी पहलुओं की पड़ताल

थाना सेक्टर-39 के प्रभारी डीपी शुक्ला के मुताबिक, पुलिस ने मौके की जांच की, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जुड़े तथ्यों की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सोसाइटी स्थित फ्लैट की परिस्थितियों, घटना के समय मौजूद लोगों और सामने आई जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!