एमपी ब्रेकिंगताज़ा खबरमध्यप्रदेश

रायसेन में दो घंटे की प्री-मानसून बारिश ने खोली नगर पालिका की तैयारियों की पोल, सड़कें बनीं दरिया

पहली झमाझम बारिश से मिली राहत जल्द ही आफत में बदली, कई इलाकों में घुटनों तक भरा पानी

सत्याग्रह लाइव। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान रायसेन वासियों को रविवार को प्री-मानसून की पहली बारिश से राहत मिली, लेकिन महज दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहर में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा कर दी। कई सड़कें पानी में डूब गईं और नगर पालिका की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए।

रविवार दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई तेज बारिश ने महज दो घंटे में रायसेन शहर की सूरत बदल दी। शाम करीब 4:30 बजे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर की कई सड़कें पानी से भर गईं। नालों और नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

निचले इलाकों में गंभीर जलभराव

बारिश के चलते रायसेन शहर के निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। वार्ड नंबर 11, मुख्य सागर और भोपाल चौराहे स्थित नगर पालिका कार्यालय के सामने सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर सड़कें दरिया जैसी दिखाई दीं। वाहन चालकों को भारी मशक्कत करनी पड़ी और कई वाहनों के आधे पहिए तक पानी में डूबे नजर आए, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।

नगर पालिका के दावों पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान उन्हें ऐसी ही परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन इससे कोई सबक नहीं ले रहा है। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के बड़े-बड़े दावों के बावजूद स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है और समस्या लगातार बनी हुई है।

ड्रेनेज सिस्टम के स्थायी समाधान की मांग

सीमित समय की बारिश में जलभराव की इस स्थिति ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों का कहना है कि यदि पहली ही बारिश में शहर की यह हालत है, तो पूरे मानसून सीजन के दौरान आम जनता को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से अविलंब जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने और ड्रेनेज सिस्टम में सुधार की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!