महू-मंडलेश्वर मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर, पेड़ से टकराई कार; दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
आशापुरा गांव के समीप देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा, घंटों चले रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव

सत्याग्रह लाइव। इंदौर जिले के डॉ. आंबेडकर नगर (महू) अंतर्गत महू-मंडलेश्वर मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। आशापुरा गांव के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान चलाया।
ट्रैफिक विभाग द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला महू-मंडलेश्वर मार्ग का है, जहां शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे मंडलेश्वर की ओर से महू आ रही कार क्रमांक एमपी-43-सी-9299 आशापुरा गांव के पास एक मोड़ पर पहुंची। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घंटों चला रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे मृतकों के शव वाहन के भीतर ही फंस गए। पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जेसीबी की मदद ली गई। इसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान आदिल और आक्रांत, दोनों निवासी महू के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन के असंतुलित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।



